त्रियुगीनारायण से गंगोत्री के बीच पुराने ट्रैक रूट पर फिर लौटेगी रौनक

अल्मोड़ा उत्तराखंड लाइव गढ़वाल नैनीताल राष्ट्रीय हरिद्वार

देहरादून, गौरव जोशी। एडवेंचर के शौकीनों के लिए त्रियुगीनारायण से गंगोत्री तक ट्रैकिंग की सुविधा विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। पर्यटन विभाग इस ट्रैक के लिए वन विभाग को सहयोग करेगा। वन भूमि वाले क्षेत्र में ट्रैकर्स के लिए ढांचागत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
सचिव पर्यटन धीराज गर्ब्याल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने साहसिक पर्यटन के नए क्षेत्र विकसित कर रोजगार, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने का लक्ष्य दिया है। उन्हीं दिशा निर्देशों के अनुरूप साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई गतिविधियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। त्रियुगीनारायण से गंगोत्री तक के क्षेत्र में ट्रैकिंग से जुड़े साहसिक पर्यटकों की गतिविधियों को बढ़ाने के लिए इस पुराने ट्रैक को फिर से गुलजार किया जाएगा।
इसके लिए वन विभाग के साथ मिल कर त्रियुगीनारायण से गंगोत्री रूट के बीच ट्रैक को विकसित करने की तैयारी है। इस रूट पर बसे गांवों को भी इन पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। गांवों में होम स्टे की गतिविधियों को बढ़ाते हुए इको टूरिज्म गतिविधि तेज की जाएगी। पर्यटन, कृषि, उद्यान की गतिविधियों को आपस में जोड़ कर मॉडल विलेज विकसित किए जाएंगे। सचिव पर्यटन ने बताया कि पर्यटन सेक्टर में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए कौशल विकास विभाग का भी सहयोग लिया जाएगा। होम स्टे का किस बेहतर तरीके से संचालन किया जाए, इसके लिए उन्हें ट्रेंड किया जाएगा। उनके हुनर को तराशा जाएगा। कृषि, उद्यान विभाग इन होम स्टे में ही कृषि, उद्यान की गतिविधियां बढ़ाने का प्रशिक्षण देंगे।

 

Leave a Reply