कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ देशव्यापी प्रदर्शन किया

उत्तरप्रदेश लाइव दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार लखनऊ

नई दिल्ली, राजेंद्र तिवारी।
दिल्ली की एक अदालत द्वारा नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी के आरोपपत्र का संज्ञान लेने से इनकार के बाद कांग्रेस ने बुधवार को भाजपा पर हमला बोला। केंद्र की भाजपा सरकार पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने देशव्यापी प्रदर्शन किया। ये प्रदर्शन दिल्ली, यूपी, झारखंड, छत्तीसगढ़, हरियाणा, राजस्थान, कर्नाटक समेत देश भर के कई राज्यों में किए गए। पंचकूला में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों में भाजपा कार्यालय को घेरा। इसी तरह दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में प्रदर्शन हुए। राजस्थान की कांग्रेस इकाई ने केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए भाजपा के प्रदेश मुख्यालय की ओर विरोध मार्च निकाला। रायपुर में भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया तो कर्नाटक के विभिन्न जिलों में भारी संख्या में कांग्रेसी सड़क पर उतरे और भाजपा व केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की कार्रवाई के विरोध में बुधवार को कांग्रेस सड़क पर उतरी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अगुआई में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने निकले थे। हालांकि उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया गया। पुलिस और कांग्रेस नेताओं में नोकझोंक हुई और पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। आखिरकार सभी को हिरासत में लेकर इको गार्डन ले जाया गया, जहां से उन्हें छोड़ दिया गया। अजय राय ने कहा कि अदालत ने नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को अवैध और दुर्भावना से ग्रसित पाया है। अदालत ने कहा कि मामला ईडी के क्षेत्राधिकार से बाहर है। उसके पास कोई एफआईआर नहीं है जिसके बिना कोई मामला ही नहीं बनता है। इसके बाद मोदी सरकार की बदनीयती और गैरकानूनी कार्रवाई पूरी तरह बेनकाब हो गई। हम इसी का विरोध जताने के लिए भाजपा कार्यालय की तरफ शांतिपूर्ण ढंग से जा रहे थे। हालांकि, सरकार शांतिपूर्ण आंदोलन करने वालों पर भी बल प्रयोग करती है। नेशनल हेराल्ड मामला पूरी तरह राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा ईडी को फटकारा जाना, इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस पार्टी इस तरह की तानाशाही और लोकतंत्र विरोधी नीतियों के सामने न कभी झुकी है और न कभी झुकेगी। प्रदर्शन में पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ल, इंदल रावत, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, लखनऊ कांग्रेस अध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बबलू, लखनऊ शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, सुशील तिवारी सोनू पंडित, डॉ. अमित कुमार राय, द्विजेंद्र त्रिपाठी, रमेश मिश्र, प्रमोद सिंह, नरेंद्र गौतम, प्रदीप सिंह, ललन कुमार, राजेश सिंह काली, अनामिका यादव आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply