शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी उपलब्धि होते हैं पूर्व छात्र : प्राचार्य वर्मा

उत्तरप्रदेश लाइव मुख्य समाचार वाराणसी

केवि 39जीटीसी में केविएस का 63वां स्थापना दिवस मनाया गया

वाराणसी, राजेंद्र तिवारी। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में सोमवार को केंद्रीय विद्यालय संगठन (केविएस) का 63वां स्थापना दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. चंद्रभूषण प्रकाश वर्मा ने केंद्रीय विद्यालय संगठन की भूमिका, उद्देश्य और अब तक की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्राचार्य डॉ.चंद्रभूषण प्रकाश वर्मा ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन की स्थापना देश के उन बच्चों को समान, गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी, जिनके अभिभावक स्थानांतरणीय सेवाओं में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि केविएस ने इस उद्देश्य को न केवल पूरा किया है, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में एक सशक्त और भरोसेमंद संस्था के रूप में अपनी पहचान बनाई है। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने देशभर में एक समान पाठ्यक्रम, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और मूल्य आधारित शिक्षा को बढ़ावा देकर लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा दी है। उन्होंने बताया कि केविएस का सबसे बड़ा योगदान यह है कि यहां पढ़ने वाला विद्यार्थी किसी भी स्थान पर जाए, उसे शिक्षा की गुणवत्ता, पाठ्यक्रम और शैक्षणिक मूल्यों में समानता मिलती है। इससे बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता बनी रहती है और उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।

The 63rd Foundation Day of the Kendriya Vidyalaya Sangathan was celebrated at KV 39 GTC

डॉ. वर्मा ने कहा कि केविएस केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देता है। खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां, विज्ञान, नवाचार और नैतिक शिक्षा के माध्यम से छात्रों को जिम्मेदार नागरिक बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय संगठन ने समय के साथ शिक्षा में तकनीक को भी आत्मसात किया है, जिससे छात्रों को आधुनिक और भविष्य उन्मुख शिक्षा मिल रही है। स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय के पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉ.चंद्रभूषण प्रकाश वर्मा ने विद्यालय के पूर्व छात्र अनूप कुमार सोनकर, उत्तम कुमार उपाध्याय, मिथिलेश मिश्रा, प्रमोद सिंह, अमित पांडेय, सौरभ सिंह और धनंजय मौर्य को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी उपलब्धि होते हैं। उन्होंने कहा कि जब विद्यालय के छात्र समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाते हैं, तो यह विद्यालय और संगठन दोनों के लिए गर्व का विषय होता है। कार्यक्रम के दौरान वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में विजेता रहे प्राथमिक वर्ग के छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। प्राचार्य डॉ.चंद्रभूषण प्रकाश वर्मा ने विजेता बच्चों को मेडल प्रदान करते हुए कहा कि खेलकूद शिक्षा का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करता है। केंद्रीय विद्यालय संगठन हमेशा से खेलकूद और शारीरिक विकास को शिक्षा के साथ समान महत्व देता आया है। स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्रों ने अपनी कला, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका नीरज राय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Leave a Reply