विश्व कप से पहले जीत के साथ विदाई की कोशिश में टीम इंडिया, निर्णायक नहीं लेकिन अहम मुकाबला

स्पोर्ट्स

तिरुवनंतपुरम। भारतीय क्रिकेट टीम शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले पांचवें और अंतिम टी-20 मुकाबले में जीत के साथ अपने अभियान का समापन करना चाहेगी। भारत पहले ही इस सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है, लेकिन पिछले मैच में मिली हार के बाद टीम प्रबंधन और खिलाड़ी कोई ढील नहीं बरतना चाहेंगे। यह मुकाबला भले ही सीरीज के परिणाम को न बदले, लेकिन विश्व कप से पहले यह टीम के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है।

इस मैच पर खास तौर पर ओपनर संजू सैमसन और ऑलराउंडर अक्षर पटेल पर निगाहें टिकी रहेंगी। संजू सैमसन के लिए यह मुकाबला दोहरी चुनौती लेकर आया है। एक ओर वह अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सीरीज में अब तक उनका प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है। अपनी आक्रामक और निर्भीक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले संजू अभी तक कोई बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं। चिंता की बात सिर्फ उनका फॉर्म नहीं, बल्कि उनकी तकनीकी कमजोरी भी मानी जा रही है, जिसका असर उनके आत्मविश्वास पर साफ दिख रहा है। हालांकि घरेलू दर्शकों का समर्थन उनके लिए संजीवनी साबित हो सकता है।

बीसीसीआई द्वारा साझा किए गए एक वीडियो ने यह साफ कर दिया कि केरल में संजू सैमसन की लोकप्रियता किसी सुपरस्टार से कम नहीं है। हवाई अड्डे पर सैकड़ों प्रशंसकों की भीड़ उन्हें देखने के लिए उमड़ पड़ी थी। कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी मजाकिया अंदाज में अपने ‘चेट्टा’ यानी बड़े भाई संजू के लिए रास्ता बनाते देखा गया। ऐसे माहौल में संजू से एक बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी चोट से उबरने के बाद अपनी फिटनेस साबित करने के इरादे से उतर सकते हैं। उन्होंने विशाखापत्तनम में खेले गए चौथे टी-20 से पहले नेट्स में गेंदबाजी की थी, जिससे संकेत मिलता है कि वह चयन के लिए उपलब्ध हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की भी वापसी संभव है, जो पिछले मैच में टीम का हिस्सा नहीं थे। गेंदबाजी संयोजन में बदलाव की पूरी संभावना है। पिछले मुकाबले में भारतीय टीम ने प्रयोग करते हुए सिर्फ पांच मुख्य गेंदबाजों को खिलाया था और हार्दिक पांड्या तथा शिवम दुबे से गेंदबाजी नहीं करवाई गई थी। लगातार दो मैचों में आराम पाने के बाद मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को अंतिम एकादश में मौका मिल सकता है। बल्लेबाजी में हालांकि बड़े बदलाव की संभावना कम है, लेकिन पिछले मैच में जिस तरह से भारतीय बल्लेबाजी लड़खड़ा गई थी, वह टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय है। शिवम दुबे की तूफानी अर्धशतकीय पारी ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया, नहीं तो हालात और भी खराब हो सकते थे। शीर्ष और मध्यक्रम के बल्लेबाजों को इस अंतिम मुकाबले में जिम्मेदारी दिखानी होगी। वहीं न्यूजीलैंड की टीम भी लगातार दूसरी जीत के साथ सीरीज का समापन करना चाहेगी। उसकी नजर गेंदबाजी में सुधार पर होगी। टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन स्क्वॉड में शामिल हैं, लेकिन उनकी फिटनेस पर ही यह निर्भर करेगा कि उन्हें अंतिम एकादश में मौका मिलता है या नहीं।

 
 

Leave a Reply