स्वच्छोत्सव थीम के अंतर्गत “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े” का शुभारंभ
हल्द्वानी, गौरव जोशी। महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में राज्य स्वच्छ गंगा मिशन नमामि गंगे उत्तराखंड तथा राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ, निदेशालय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक निदेशालय देहरादून के निर्देशन और एनसीसी के तत्वाधान में स्वच्छोत्सव थीम के अंतर्गत “स्वच्छता ही सेवा पखवाड़े” का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो0 आभा शर्मा द्वारा किया गया।
प्राचार्य प्रो0 शर्मा ने छात्राओं को स्वच्छता का संकल्प दिलाते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक आदत नहीं, बल्कि जीवन शैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार होगा जब हम अपने घर, संस्थान और परिवेश को साफ-सुथरा रखने की व्यक्तिगत जिम्मेदारी निभाएंगे।
इसके पश्चात नोडल अधिकारी नमामि गंगे एवं एनएसएस प्रभारी डॉ0 रितुराज पंत ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पखवाड़ा समाज को स्वच्छता के महत्व से जोड़ने का एक व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि इस अवधि में विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
डॉ0 गीता पंत, सदस्य नमामि गंगे एवं कार्यक्रम अधिकारी एनएसएस, ने पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं और आई0ई0सी0 गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्राओं की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत सदस्य डॉ0 रेखा जोशी के निर्देशन में एक स्वच्छता जागरूकता रैली भी निकाली गई। इस रैली में छात्राओं ने बैनर और स्लोगन के माध्यम से स्थानीय लोगों को स्वच्छता अपनाने का संदेश दिया।
रैली के उद्देश्य पर बोलते हुए डॉ0 जोशी ने कहा कि रैली का मकसद केवल सफाई करना नहीं, बल्कि समाज की सोच को बदलना है। जब तक हर नागरिक अपने स्तर पर जिम्मेदारी नहीं निभाता, तब तक यह अभियान अधूरा रहेगा। इस अवसर पर छात्राओं ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि वे अपने घर, गली, मोहल्ले और संस्थान को स्वच्छ रखेंगे और अन्य लोगों को भी प्रेरित करेंगे। इस अवसर पर डॉ0 नीता साह, डॉ0 फकीर सिंह, डॉ0 प्रभा साह, डॉ0 हिमानी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मंजू मेहरा, डॉ0 ज्योति चुफाल आदि उपस्थित रहे।
