पटना, राजेंद्र तिवारी। गया-कोडरमा रूट के बसकटवा-यदुग्राम घाटी रेल सेक्शन में भूस्खलन के कारण मंगलवार की देर रात ट्रेन हादसा होने से बाल-बाल बच गया। भूस्खलन से से पहाड़ का मलवा खिसककर रेल ट्रैक पर आ गिरा था। इसके कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। इस घटना के कुछ समय बाद ही डाउन लाइन में घटना स्थल रेल ट्रैक से होकर देवनागरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस गुजरने वाली थी। लगातार वर्षा को लेकर पहाड़ का भूस्खलन होने की आशंका को लेकर घाटी सेक्शन पर आरपीएफ व रेल कर्मी पेट्रोलिंग ड्यूटी पर रहने के कारण घटना की तत्काल सूचना देकर दून एक्सप्रेस को घटना स्थल से करीब तीन किलो मीटर पहले ही नियंत्रित कर लिया गया था। इस कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
रेल सूत्रों ने बताया कि धनबाद रेल मंडल के बसकटवा और यदुग्राम स्टेशनो (गया जी जिला क्षेत्र) के बीच घाटी क्षेत्र में भूस्खलन होने के कारण रेल किलो मीटर 420/02 डाउन लाइन पर रात करीब 11 बजे पहाड़ से मलवा खिसककर रेल पटरी पर आ गिरा था। घटना की सूचना पाते ही कोडरमा आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार के नेतृत्व में गुरपा आउटपोस्ट के सब इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, जवान हरिमोहन मीणा व अन्य स्टाफ घटना स्थल पहुंचे। इसके साथ ही गझंडी, पहाडपुर, दिलवा स्टेशनों से अधिकारी व कर्मियों की टीम पहुंचकर राहत कार्य में जुट गए। इस बीच ट्रेनों का परिचालन बाधित होने से दून एक्सप्रेस रास्ते में, आनंद विहार-भुवनेश्वर नीलांचल एक्सप्रेस गुरपा स्टेशन और चंबल एक्सप्रेस टनकुप्पा स्टेशन पर रुकी रही। अप लाइन पर कुछ समय के लिए ही परिचालन बाधित रहा। स्टेशनो पट खड़ी ट्रेनों की सुरक्षा में सभी कैंपिंग ड्यूटी आरपीएफ स्टाफ को तैनाती बढ़ा दी गई थी। मलवा हटाने के बाद डाउन लाइन में रात 12:30 बजे टीआरडी द्वारा रेल ट्रैक फिट दिये जाने के बाद लाइन में घटनास्थल से पहली ट्रेन 13010 डाउन देवनागरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस को 01:05 बजे पास कराया गया।
