लखनऊ, राजेंद्र तिवारी। यूपी में शुक्रवार को बदमाशों, डकैतों की सामत आ गई। बुलंदशहर में एसटीएफ ने एक लाख के इनामी डकैत विनोद गडरिया को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है।
शामली के कैराना थाना क्षेत्र के गांव खुरगान निवासी विनोद गडरिया लंबे वक्त से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। विनोद पर डकैती, लूट, हत्या और रंगदारी आदि के कई आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस के अनुसार विनोद ने अपने गैंग के साथ मिलकर मुजफ्फरनगर और आसपास के कई जनपदों में डकैती की वारदातों को अंजाम दिया था। हाल ही में एडीजी मेरठ जोन ने विनोद गडरिया पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उसके गैंग के 12 सदस्यों पर भी 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एक लाख का इनाम घोषित होने के बाद से ही विनोद गडरिया और उसके गिरोह के पीछे एसटीएफ और क्राइम ब्रांच लगी हुई थी। शुक्रवार देर शाम एसटीएफ को सूचना मिली की विनोद गडरिया किसी वारदात को अंजाम देने जहांगीराबाद क्षेत्र में आया है। एसटीएफ ने विनोद को जहांगीराबाद के बदरखा क्षेत्र में घेर लिया। इनामी विनोद ने एसटीएफ टीम पर फायरिंग कीर दी, एसटीएफ के सिपाही अनुज और सुमित गोली लगने से घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ की गोली लगने से विनोद गडरिया भी गंभीर रूप से घायल हो गया, टीम उसे लेकर अस्पताल पहुंची जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नोएडा एसटीएफ के एसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि विनोद मुजफ्फरनगर में हुई लूट समेत कई मामलों में वांछित था। उस पर डकैती, लूट, हत्या और रंगदारी के 40 मामले मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली आदि जनपदों में दर्ज थे। लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी। मौके से एक पिस्टल, कारतूस और उसकी बाइक बरामद की गई है।
