तो क्या दिल्ली के लाल किला के पास हुआ आतंकी हमला, नौ की मौत

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार

नई दिल्ली, नीलू सिंह। दिल्ली के लालकिले के पास सोमवार देर शाम हुए धमाके से कई सवाल उठ रहे हैं। धमाके में नौ लोगों की मौत होने की सूचना है। वहीं 20 लोग घायल हैं। इनमें से भी कुछ की हालत गंभीर है। विस्फोट के बाद फॉरेंसिक टीम, एनआईए, खुफिया विभाग समेत सभी एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। सवाल उठ रहा है कि कहीं यह आतंकी हमला तो नहीं है।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि लाल किले के गेट नंबर एक के पास धीमी गति से आ रही आई 20 हुंडई कार जब लालबत्ती के पास रूकी, तभी धमाका हुआ। उन्होंने कहा कि हमारी तमाम टीमें मौके पर मौजूद हैं और हम सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रहे हैं। धमाका हाई इंटेंसिटी का था जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। धमाका इतना जोरदार था कि गाड़ी के परखच्चे तक उड़ गए और दूर-दूर तक धुआं भी फैल गया। वहीं आसपास खड़ी कई अन्य गाड़ियों में भी आग लग गई और दूर तक खड़ी गाड़ियों की खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए। जब ये धमाका हुआ उस वक्त इस इलाके में भारी भीड़ थी। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और जांच शुरू कर दी है। फॉरेसिंक एक्सपर्ट मामले की जांच कर रहे हैं। मृतकों के शव लोक नारायण जयप्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) अस्पताल में ले जाया गया है। धमाके के बाद दिल्ली- एनसीआर में सीआईएसएफ को अलर्ट कर दिया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट और मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। फायर विभाग के मुताबिक गौरी शंकर मंदिर के पास लाल किला मेट्रो स्टेशन गेट नंबर एक के पास कार में धमाके की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर मौके पर फायर विभाग का दस्ता पहुंचा तो पता चला कि पार्किंग में खड़ी एक कार में अचानक धमाका हुआ है। धमाके के बाद कार, ऑटो व ई रिक्शा समेत करीब 10 अन्य गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। धमाके के बाद अफरा-तफरी मच गई। हालांकि सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय पुलिस के अलावा फायर यूनिट, आपदा प्रबंधन की टीम और एहितियातन बम निरोधक दस्ता और डॉग निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुला लिया गया। इसके अलावा एंटी टेरर यूनिट स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची है। एनआईए व एनएसजी की टीमें भी मौके का मुआयना कर रही हैं। धमाके के बाद करीब 35 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच कर आग पर काबू किया है। फिलहाल घटनास्थल पर कूलिंग का काम जारी है। आग बुझाने के लिए मौके पर सात दमकल वाहनों को भेजा गया था। धमाका कैसे हुआ, फिलहाल इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि धमाके के कारणों की जांच की जा रही है। गुरुग्राम, प्रमुख संवाददाता। दिल्ली में लालकिले के पास हुए धमाके के मामले में इस्तेमाल हुई कार गुरुग्राम में पंजीकृत थी। संदिग्धों तक पहुंचने की कड़ी में गुरुग्राम पुलिस की कार्रवाई के बाद एक महत्वपूर्ण खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस से मिले गोपनीय इनपुट के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने संदिग्ध HR26 नंबर की i20 कार के मूल मालिक मोहम्मद सलमान को तुरंत हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि जिस कार में ब्लास्ट हुआ, उसका मालिक मोहम्मद सलमान है। शुरुआती पूछताछ में गुरुग्राम निवासी सलमान ने पुलिस को बताया कि उसने यह कार करीब डेढ़ साल पहले ही दिल्ली के ओखला क्षेत्र निवासी देवेंद्र को बेच दिया था। अपनी बात की प्रामाणिकता सिद्ध करने के लिए सलमान ने कार बिक्री से संबंधित सभी कानूनी दस्तावेज तुरंत जांच अधिकारियों को सौंप दिए, जिससे जांच की दिशा सुनिश्चित हुई। गुरुग्राम पुलिस ने पुष्टि की है कि वह मामले से संबंधित सभी जानकारी मोहम्मद सलमान द्वारा सौंपे गए दस्तावेजी साक्ष्य और देवेंद्र से प्राप्त इनपुट मुख्य जांच एजेंसी के साथ तत्काल साझा कर रही है। जांच में सामने आया है कि देवेंद्र ने कार हरियाणा के अंबाला में किसी को बेची थी। अब अंबाला पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply