मालदीव संग चार एमओयू पर हस्ताक्षर

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार

माले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत- मालदीव की दोस्ती प्रगति की नई ऊंचाइयां छुएगी। दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बात शुरू हो गई है। शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर मालदीव पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में ये बात कही। प्रधानमंत्री मोदी और मालदीव के राष्ट्रपति के बीच व्यापार, रक्षा और मूलभूत ढांचे से जुड़े क्षेत्रों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने चार एमओयू और तीन करार पर हस्ताक्षर किया। मुइज्जू ने कहा, इसके तहत 56.5 करोड़ डॉलर के लाइन ऑफ क्रेडिट एग्रीमेंट शामिल है। इससे मालदीव के सरकारी प्रोजेक्ट में तेजी आएगी। कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने और सीधी विमान सेवा को लेकर भी बात हुई है। मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी का ये तीसरा दौरा है। दोनों देशों के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई है।
प्रेसवार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मालदीव हमेशा भारत का करीबी रहा है। भारत के लिए दोस्ती हमेशा पहले है। भारत की पड़ोस पहले नीति और महासागर विजन में मालदीव महत्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने कहा कि भारत को भी इस बात पर गर्व है कि वो मालदीव का विश्वस्त मित्र है। आपदा हो या महामारी, जरूरी चीजें मुहैया करानी हों या कोरोना के बाद अर्थव्यवस्था को संभालना, भारत हमेशा मालदीव के लिए सबसे पहले खड़ रहा। भारत मालदीव के साथ हमेशा काम करता रहा क्योंकि हमारे लिए हमेशा दोस्ती पहले है। उन्होंने कहा कि मौसम चाहे जैसा हो, हमारे संबंध हमेशा साफ और स्पष्ट रहेंगे। दोनों देश नवीकरर्णीय ऊर्जा के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाएंगे। मालदीव के विकास और समृद्धि के लिए भारत हमेशा साथ रहेगा। उन्होंने कहा कि मालदीव के रक्षा मंत्रालय के नए भवन का उद्धाटन दोनों देशों की मजबूत साझेदारी का प्रतीक है। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि उन्हें खुशी हो रही है कि दोनों देश एफटीए की दिशा में अब आगे कदम बढ़ाएंगे। मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को मालदीव के 60वें स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने मालदीव के स्वतंत्रता दिवस के 60 वर्ष पूरे करने पर बधाई देते हुए कहा कि दोनों देश इस अवसर पर राजनयिक संबंधों के भी 60 वर्ष पूरे कर रहे हैं। उन्होंने कहा, दोनों देशों के संबंधों की जड़ें इतिहास से भी पुरानी और समुद्र की गहराई से भी गहरी हैं। इस दौरान दोनों नेताओं ने दोनों देशों की पारंपरिक नाव वाला डाक टिकट जारी किया। इससे ये संदेश दिया गया कि हम सिर्फ पड़ोसी नहीं अच्छे दोस्त भी हैं। दोनों देशों ने दोस्ती को नए आयाम पर पहुंचाने के लिए पूरा जोर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मालदीव पहुंचते ही मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रपति मुइज्जू और उनकी सरकार के कई शीर्ष मंत्रियों ने वेलेना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतिष्ठित रिपब्लिक स्क्वायर पर औपचारिक स्वागत किया गया और उन्हें 21 तोपों की सलामी दी गई। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि राष्ट्रपति मुइज्जू द्वारा हवाई अड्डे पर आकर मेरा स्वागत करने के भाव से मैं बहुत प्रभावित हूं। भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट और माले के जिस रास्ते से प्रधानमंत्री गुजरे वहां लोगों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। हाथ में तिरंगा लहराते भारतीय प्रधानमंत्री के लिए जयकारे लगाते और नृत्य करते नजर आए। भारतीयों ने कहा कि वे प्रधानमंत्री के आगमन से बहुत खुश हैं। एक व्यक्ति ने कहा कि मैं यहां बीते 24 साल से रह रहा हूं। मालदीव मेरे लिए दूसरा घर है। एक व्यक्ति ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के लिए उत्सुक हूं। उम्मीद है मेरी इच्छा पूरी होगी।

Leave a Reply