नई दिल्ली, देव कुमार। छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों में शामिल सुरक्षाबलों के कमांडरों और जवानों से सोमवार को बातचीत करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवाददाताओं को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री से बातचीत में वे जवान भी शामिल थे, जिन्होंने भाकपा (माओवादी) के महासचिव बसवराजू को मार गिराया था। ‘संकल्प- बल के कमांडरों और कमांडो के साथ बातचीत’ नामक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने सुरक्षा कर्मियों की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि इससे पहले अमित शाह नारायणपुर में सुरक्षाबलों के एक शिविर का दौरा कर वहां जवानों और स्थानीय लोगों से मुलाकात करने वाले थे, लेकिन क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण यह दौरा नहीं हो सका। साय ने बताया कि वह मंगलवार को गृह मंत्री की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश के वाराणसी में होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में हिस्सा लेंगे। मध्य क्षेत्रीय परिषद में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
