नमामि गंगे के तहत महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में जल महोत्सव पखवाड़े पर संगोष्ठी एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन
आज दिनांक 14 मार्च 2026 को महिला महाविद्यालय हल्द्वानी के नमामि गंगे के अंतर्गत जल महोत्सव पखवाड़े के अवसर पर महाविद्यालय में “नदी तटों पर बसने वाली जनसंख्या द्वारा निर्मित उत्पादों की वितरण प्रणाली एवं सतत आजीविका” विषय पर संगोष्ठी तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नदी तटों पर रहने वाले समुदायों की आजीविका, उनके उत्पादों के विपणन और गंगा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि गंगा और अन्य नदियों का संरक्षण केवल पर्यावरणीय दृष्टि से ही नहीं बल्कि सामाजिक और आर्थिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नदी तटों पर रहने वाले लोगों द्वारा बनाए जाने वाले पारंपरिक उत्पाद स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।
नमामि गंगे के नोडल अधिकारी डॉ० रितुराज पंत ने अपने वक्तव्य में कहा कि नमामि गंगे अभियान केवल नदी की स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नदी से जुड़े समुदायों के समग्र विकास और आजीविका के सशक्तिकरण से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि नदी तटों पर रहने वाले लोगों द्वारा बनाए जाने वाले उत्पादों के प्रभावी वितरण और विपणन की व्यवस्था विकसित करने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है और इससे गंगा तटों पर सतत विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्य वक्ता वाणिज्य विभाग प्रभारी डॉ० दिनेश जोशी ने अपने वक्तव्य में कहा कि नदी तटों पर रहने वाले लोगों की पारंपरिक आजीविका और उनके द्वारा तैयार किए जाने वाले उत्पादों को उचित बाजार और वितरण प्रणाली उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि इन उत्पादों को संगठित विपणन व्यवस्था और आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाए, तो इससे न केवल स्थानीय समुदायों की आय बढ़ेगी बल्कि क्षेत्रीय विकास और सतत आजीविका को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं के लिए पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने जल संरक्षण, गंगा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं को गंगा संरक्षण के महत्व तथा जल संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ० रेखा जोशी ने किया। इस अवसर वाणिज्य विभाग प्रभारी डॉ० दिनेश चंद्रा डॉ० गीता पंत, डॉ० हिमानी, डॉ० प्रभा साह सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
