मॉस्को । रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को ईरान को भरोसा दिलाया कि उनका देश इजरायल और ईरान के बीच तनाव घटाने में मदद करेगा। रूसी राष्ट्रपति का यह बयान रविवार सुबह ईरानी परमाणु स्थलों पर अमेरिका द्वारा हमले किए जाने के बाद आया है। पुतिन ने रूस दौर पर आए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची से मुलाकात की। पुतिन ने कहा, अरागची ऐसे समय में रूस का दौरा कर रहे हैं, जब क्षेत्र में और आपके देश के आसपास स्थिति बहुत बिगड़ गई है। उन्होंने ईरान-इजरायल संघर्ष पर मॉस्को के रुख को दोहराया। पुतिन ने कहा, अमेरिकी हमले दुनिया को बड़े खतरे की ओर धकेल रहे हैं। इस बीच, उन्होंने इस्लामिक गणराज्य के लोगों की मदद करने का वादा किया, हालांकि उन्होंने कोई विशेष जानकारी नहीं दी। पुतिन ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर ईरान के प्रमुख परमाणु प्रतिष्ठानों पर हमले किए गए हैं। उन्होंने कहा, यह ईरान के खिलाफ पूरी तरह से अकारण किया गया आक्रमण है, जिसका कोई आधार या औचित्य नहीं है। रूसी राष्ट्रपति ने अरागची से कहा, ईरान के साथ हमारे दीर्घकालिक, अच्छे और विश्वसनीय संबंध हैं। रूस और ईरान ने रणनीतिक साझेदारी संधि पर हस्ताक्षर किए हैं, लेकिन इसमें किसी भी पक्ष पर हमला होने की स्थिति में सैन्य सहायता का प्रावधान नहीं है। हालांकि, संधि के तहत ईरान और रूस का दायित्व है कि वे हमलावर का पक्ष न लें और स्थिति को ठीक करने के लिए तत्काल राजनीतिक बातचीत में शामिल हों। अरागची ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई का पत्र पुतिन को सौंपा, जिसमें रूस से और अधिक मदद की मांग की गई थी। मॉस्को की ओर से इसकी कोई पुष्टि नहीं की गई, लेकिन उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता और राष्ट्रपति को शुभकामनाएं दीं।
