मुंबई। भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान रोहित शर्मा टी-20 मुंबई लीग के दूत होंगे। मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) को उम्मीद है कि श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव जैसे सितारे भी इस टूर्नामेंट में भाग लेंगे। यह लीग 2018 और 2019 में खेली गई थी। इसके बाद कोरोना महामारी के कारण बंद हो गई। रोहित टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं लेकिन आईपीएल खेलते हैं।
मुंबई के नामचीन खिलाड़ियों में रोहित के अलावा सूर्यकुमार, श्रेयस, अजिंक्य रहाणे, शिवम दुबे, तुषार देशपांडे और पृथ्वी साव हैं। टेस्ट बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल कुछ दिन पहले मुंबई से गोवा चले गए। एमसीए के एक अधिकारी ने कहा, हमने मुंबई के खिलाड़ियों के लिए इसमें भाग लेना अनिवार्य नहीं किया है। हमें उम्मीद है कि वे टी-20 मुंबई लीग खेलेंगे। इससे मुंबई क्रिकेट, क्रिकेटरों और लीग को फायदा मिलेगा। एमसीए को टूर्नामेंट के लिए 2800 से अधिक आवेदन मिले हैं। यह लीग आईपीएल के खत्म होने के बाद शुरू हो सकता है।
