पटना, राजेंद्र तिवारी। कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को अररिया और पूर्णिया में आयोजित जनसभाओं में कहा कि बिहार में नीतीश जी नहीं, ब्यूरोक्रेट्स, अमित शाह और नरेंद्र मोदी सरकार चला रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नफरत बांटना जानते हैं। हिन्दुस्तान की जनता को एक-दूसरे से लड़ाना जानते हैं। उनका एक ही लक्ष्य है अंबानी-अदानी को फायदा पहुंचाना। राहुल गांधी ने कहा कि नीतीश जी जंगलराज की बात करते हैं, जबकि असली जंगलराज दिल्ली में है।
पूर्णिया के कसबा विधानसभा क्षेत्र के एमएल आर्य कॉलेज मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में वोट चोरी कर चुनाव जीता अब बिहार में वोट चोरी करने की कोशिश करना चाह रहे हैं। हरियाणा की वोटर लिस्ट में दो बूथों में एक महिला का चेहरा दो सौ बार दिखाया गया। वहीं दूसरी महिला का सौ बार। हजारों लोग जो यूपी में वोट करते हैं, वही हरियाणा में भी वोट करते हैं। इस बार बिहार के लोगों खासकर युवाओं की जिम्मेदारी है कि वोट चोरी रोकें। उन्होंने कहा कि बिहार में नीतीश कुमार की सरकार 20 वर्षों से है लेकिन बिहार के युवाओं को मजदूर बना रखा है। कहा कि बिहार में सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था काफी खराब है। इसलिए बिहार के लोगों को इलाज के लिए दिल्ली-मुम्बई जाना पड़ता है। शिक्षा के लिए बिहार के युवाओं को बेंगलुरु और हैदराबाद जाना पड़ता है। रोजगार के लिए पंजाब, हरियाणा, सूरत, गुजरात जाना पड़ता है। नरेन्द्र मोदी चाहते हैं कि अरबपतियों का राज हो, बिहार के लोगों को रोजगार न मिले इसलिए गलत जीएसटी और नोटबंदी की गई।
अररिया शहर के आजाद एकेडमी मैदान में चुनावी सभा में राहुल गांधी ने कहा कि अमित शाह ने कहा कि बिहार में उद्योग के लिए जमीन नहीं है, जबकि अदानी के लिए एक रुपये एकड़ में जमीन उपलब्ध कराई गई। राहुल गांधी ने कहा कि वह जहां भी जाते हैं, हर प्रदेश में बिहार के युवा मिलते हैं। लद्दाख में हमने फटी हुई शर्ट पहने बिहार के युवा को सड़क बनाते देखा। आप जहां भी जाओ फ्लाईओवर, पुल-पुलिया, बड़ी-बड़ी इमारतें बिहार के युवा बनाते हैं। 21वीं सदी का शहर बिहार की मेहनत के बगैर नहीं बन सकता। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या आप मजदूरी करने से खुश हो? क्या बिहार का भविष्य मजदूर बनने का है? यहां मेहनती युवा हैं, यहां के युवा डॉक्टर, इंजीनियर प्रोफेसर नहीं बन सकते क्या? यह वही प्रदेश है जहां नालंदा यूनिवर्सिटी हुआ करती थी। विदेश से छात्र यहां शिक्षा ग्रहण करने आते थे। आज भी आते हैं लेकिन टूरिस्ट बनकर। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बिहार में बनेगी तो दुनिया की सबसे बेहतर यूनिवर्सिटी बिहार में खोलेंगे। प्राचीन स्थलों को संवारकर बिहार को पर्यटन का हब बनाएंगे। मखाना उगाने वालों को उनकी मेहनत का भरपूर लाभ मिलेगा। फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग की व्यवस्था की जाएगी। महागठबंधन की सरकार बनेगी तो रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य की बात होगी। बिहार में इंग्लिश मीडियम के सरकारी स्कूल खोले जाएंगे। राहुल गांधी ने संबोधन के दौरान ही वोट चोर गद्दी छोड़ का नारा लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि हम नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलने आए हैं। यह देश सबका है।
