अम्मान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में दो दिवसीय दौरे पर जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंचे। हवाईअड्डे पर जॉर्डन के प्रधानमंत्री जाफर हसन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
यह यात्रा किंग अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल हुसैन के निमंत्रण पर हो रही है और इसका उद्देश्य भारत-जॉर्डन के द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाना है। यह भारत और जॉर्डन के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी की पहली द्विपक्षीय यात्रा भी है। प्रधानमंत्री मोदी ने अम्मान पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें विश्वास है यह यात्रा दोनों देशों के रिश्तों को नई गति देगी। होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया, जहां स्थानीय कलाकारों ने भारतीय पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए। प्रधानमंत्री मोदी किंग अब्दुल्ला द्वितीय के साथ एकल और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। दोनों नेता भारत-जॉर्डन संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे। मंगलवार को प्रधानमंत्री भारत-जॉर्डन व्यापार कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। जॉर्डन के बाद प्रधानमंत्री मोदी 16 से 17 दिसंबर तक इथोपिया जाएंगे, जहां वे प्रधानमंत्री डॉ. अबी अहमद अली से मुलाकात करेंगे और संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। यात्रा के अंतिम चरण में वे 17 से 18 दिसंबर तक ओमान में रहेंगे, जहां ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से मुलाकात कर रणनीतिक, आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
