पटना, राजेंद्र तिवारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि बिहार के लोगों ने अपने एक-एक वोट से एनडीए को ताकत दी है। इसके बाद बिहार में यह बदलाव आया है। हर क्षेत्र में विकास हुआ है। बिहार को अब देश के पांच विकसित राज्यों में लाना है। यह लक्ष्य भी लोगों के एक-एक वोट से आयेगा। प्रधानमंत्री बुधवार को नमो ऐप के माध्यम से बिहार के एनडीए कार्यकर्ताओं से बात कर रहे थे।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ विषय पर हुए इस संवाद में पांच कार्यकर्ताओं ने भी प्रधानमंत्री से बात की। संवाद को एनडीए के एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं ने सुना। एक घंटे के संवाद में प्रधानमंत्री ने कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के मंत्र भी दिये। उन्होंने कहा कि मैंने भी एक कार्यकर्ता के रूप में कार्य किया है, इसलिए अपना अनुभव आपलोगों को बताता हूं। उन्होंने कहा कि बूथ जीतना ही चुनाव जीत की गारंटी होती है। चुनाव नेता नहीं जीतता है, बल्कि बूथ के कार्यकर्ता जीतते हैं। हर कार्यकर्ता अभी से लेकर चुनाव तक हर घर में कम-से-कम दस बार जायें। केंद्र और बिहार सरकार की योजनाओं से लोगों को जो लाभ मिले हैं, उनकी चर्चा करें। लाभार्थी को ही संदेश वाहक बनायें। खासकर 18 से 35-40 साल के युवाओं को बतायें कि 20 साल में बिहार में कैसे बदलाव आया है। उनके माता-पिता से ही वर्ष 2005 के पहले की बिहार की दशा के बारे में सुनवायें। बतायें कि कैसे दहशत के माहौल में लोग रहते थे। सूरज ढलने के बाद कोई घरों से डर से निकलता नहीं था। वहीं, आज देर रात तक लोग कहीं भी आते-जाते हैं। उन्होंने कहा कि बूथ का हर कार्यकर्ता मोदी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में 14 नवंबर को एनडीए के विजय की दिवाली मनेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में हुए बदलाव के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व सुशील कुमार मोदी, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व रामविलास पासवान का नेतृत्व रहा है। प्रधानमंत्री ने एक महिला कार्यकर्ता से बातचीत में कहा कि मतदान को एक उत्सव के रूप में मनायें। महिलाए समूह में थाली बजाते और गीत गाते हुए वोट देने जायें, ऐसा माहौल बनायें। महिलाओं को इसके लिए जागरूक करें। टिफिन लेकर बूथ पर जायें और वहां समूह में एक साथ भोजन करें। दरभंगा की रेखा कुमारी ने सर कहा तो पीएम ने कहा कि मैं सर नहीं हूं, आपका भैया हूं। आप, अपने क्षेत्र के बड़े-बुजुर्गों को बतायें कि उनका बेटा दिल्ली में उनलोगों की सेवा में बैठा है। पीएम से बात करने का जिन्हें मौका मिला उनमें, दिलीप कुमार, मेघा, ओमप्रकाश, रेखा देवी और कैलाश कुमार। प्रधानमंत्री ने राजद प्रमुख लालू प्रसाद, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके द्वारा किये गये भ्रष्टार की अदालतें संज्ञान ले रही हैं। बिहार को बचाये रखने के लिए यह जरूरी है कि राजद और कांग्रेस को दूर रखा जाये। तभी, बिहार के बच्चों का भविष्य उज्जवल होगा।
