लगातार चौथे दिन बिहार में एसआईआर के मुद्दे पर संसद ठप

दिल्ली दिल्ली लाइव पटना बिहार लाइव मुख्य समाचार राजधानी

नई दिल्ली। बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के मुद्दे पर संसद में हंगामा जारी है। विपक्षी सदस्यों के हंगामे और नारेबाजी की वजह से गुरुवार को लगातार चौथे दिन लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही ठप रही। एक बार स्थगन के बाद लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्ष ने शुक्रवार को भी इस मुद्दे को उठाने का ऐलान किया है। वहीं राज्यसभा भी कार्यकाल समाप्त हुए सांसदों की विदाई तक ही चल पाई। एसआईआर और नोटिस को अस्वीकार किए जाने पर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा किया। लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों के सदस्य हंगामा करने लगे। विपक्षी सांसद आसन के करीब आ गए और नारेबाजी करते हुए तख्तियां लहराने लगे। इन तख्तियों पर एसआईआर विरोधी नारे लिखे हुए थे। उन्होंने बिहार में एसआईआर की कवायद पर सदन में फौरन चर्चा की मांग करते हुए हंगामा किया।
शोर-शराबे के बीच लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू किया। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने एक प्रश्न का जवाब भी दिया। पर हंगामा जारी रहा। लोकसभा अध्यक्ष ने एक बार फिर सदस्यों से अपनी सीट पर जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कई सांसदों के प्रश्न मुश्किल से आते हैं और आप नारेबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस का नाम लिए बगैर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि आप सभी इतने पुराने राजनीतिक दल के लोग हैं, आप जिस तरह का व्यवहार कर रहे हैं, इसे पूरा देश देख रहा है। बिरला ने कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से भी अपनी पार्टी के सदस्यों को समझाने का आग्रह किया, पर सदन में हंगामा जारी रहा। ऐसे में हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। दोपहर दो बजे कार्यवाही शुरू होने पर विधि और न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने विपक्ष से गोवा राज्य विधानसभा के निर्वाचन क्षेत्रों में अनुसूचित जनजातियों के प्रतिनिधित्व का समायोजन विधेयक 2024 पर चर्चा करने की अपील की। पर हंगामे की वजह से सदन स्थगित करना पड़ा। लोकसभा के पीठासीन सभापति कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने कहा कि जब तक सदस्य तख्तियां दिखाएंगे, सदन की कार्यवाही नहीं चलेगी। इस तरह से तख्तियां दिखाना सदन के नियमों के विरूद्ध है। तेन्नेटी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और आप सदन में ऐसा कर उदाहरण स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने सदन में आवश्यक दस्तावेज पेश कराते हुए एक बार फिर विपक्ष से सदन को चलने देने की अपील की, पर हंगामा बढ़ता देख सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा में गुरुवार को छह सदस्यों को विदाई देने के लिए कुछ देर के लिए सदन में शांति से ऐसा लगा कि सबकुछ पटरी पर आ गया है। विदा हो रहे सांसदों के अलावा उनको विदाई देने के लिए विभिन्न दलों के सांसदों का उद्बोधन भी हुआ। सांसदों का भाषण जैसे ही बार फिर सदन में रोज की तरह हंगामा शुरू हो गया। बिहार में एसआईआर के मुद्दे पर लगातार चौथे दिन राज्यसभा नहीं चल पाई। केंद्र सरकार ने दो बजे शोर-शराबे के बीच एक विधेयक लेने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। एक बार के स्थगन के बाद दोपहर 2.15 बजे कार्यवाही को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। विपक्षी सदस्यों ने नियम 267 के तहत दिए गए अपने 30 नोटिस उपसभापति हरिवंश द्वारा अस्वीकार किए जाने के विरोध में हंगामा शुरू कर दिया। उपसभापति हरिवंश ने सदन को बताया कि कामकाज स्थगित कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने के लिए 30 नोटिस मिले हैं। आईयूएमएल के पी वी अब्दुल वहाब ने राज्यसभा के सभापति के अचानक इस्तीफे के मुद्दे पर नोटिस दिया है। ये नोटिस उपयुक्त नहीं पाए गए और इन्हें अस्वीकार कर दिया गया। राज्यसभा में गुरुवार को छह सदस्यों को विदाई दी गई। उपसभापति हरिवंश, सदन के नेता जे पी नड्डा और विभिन्न दलों के वरिष्ठ सदस्यों ने सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों के योगदान को लोकतांत्रिक परंपराओं को सशक्त करने की दिशा में सराहनीय बताया। जिन सदस्यों को विदाई दी गई, उनमें एम मोहम्मद अब्दुल्ला (द्रमुक), एन चंद्रशेखरन (अन्नाद्रमुक), अन्बुमणि रामदास (पीएमके), एम षणमुगम (द्रमुक) और एम वाइको (एमडीएमके) शामिल हैं। अन्नाद्रमुक सदस्य पी विल्सन का कार्यकाल भी समाप्त हुआ है लेकिन वह उच्च सदन के लिए पुन:निर्वाचित हो गए हैं। इससे पहले राज्यसभा के लिए मनोनीत सदस्य उज्ज्वल देवराव निकम ने शपथ ली। दोपहर दो बजे पीठासीन अध्यक्ष भुवनेश्वर कालिता ने समुद्र द्वारा मालवहन विधेयक, 2025 पर चर्चा शुरू करवायी। विपक्ष के कई सदस्यों के हंगामे के बीच अन्नाद्रमुक के एम थंबी दुरै और तेलुगु देशम पार्टी के अयोध्या रामी रेड्डी ने चर्चा में भाग लिया। किंतु हंगामे और शोरगुल के कारण इन सदस्यों की बात नहीं समझी जा सकी। बाद में सदन स्थगित कर दी गई।

Leave a Reply