यूपी भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष बने पंकज चौधरी

उत्तरप्रदेश लाइव गोरखपुर मुख्य समाचार लखनऊ

लखनऊ, राजेंद्र तिवारी। उत्तर प्रदेश भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष गोरखपुर निवासी और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी निर्वाचित हुए हैं। डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में रविवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उनके नाम की घोषणा की। अध्यक्ष बनने के बाद निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने उन्हें भाजपा का झंडा सौंपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीब रखी अपनी कुर्सी पर बिठाया। पंकज चौधरी ने कुर्सी पर बैठने से पहले मुख्यमंत्री के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इससे पहले शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में पंकज ने अध्यक्ष पद के लिए एकल नामांकन किया था। यूपी भाजपा के नए अध्यक्ष पद की घोषणा के लिए रविवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। मंडल अध्यक्ष तक के संगठन को आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था। विश्वविद्यालय परिसर में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्र के लोकनृत्य और वाद्ययंत्रों की अनुपम छटा बिखर रही थी। भीतर हॉल खचा-खच भरा हुआ था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंच पर आते ही कार्यक्रम शुरू हुआ। पीयूष गोयल ने जैसे ही पंकज चौधरी के नाम की घोषणा की, मंच पर शंखनाद शुरू हो गया। घंटे-घड़ियाल बजने लगे। पीयूष यूपी भाजपा अध्यक्ष चुनाव के लिए केंद्रीय चुनाव अधिकारी थे। पूरे हॉल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पंकज चौधरी और योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद के नारे लगने लगे। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पंकज चौधरी को अपनी कुर्सी पर बैठाया और खुद दूसरी कुर्सी पर बैठ गए। पंकज ने अपने राजनीतक गुरु और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी के भी पैर छूकर आशीर्वाद लिया। नवनिर्वाचित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि यह मेरी अब तक की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। मैं इस जिम्मेदारी से अभिभूत भी हूं। रोमांचित भी हूं और गौरवांवित भी। भाजपा ने मुझे 26 साल की उम्र में महराजगंज सीट से चुनाव लड़ने का निर्देश दिया था। मैं लड़ा और जीतकर लोकसभा पहुंचा। तब से आज तक न तो मैंने भाजपा छोड़ी और न ही महराजगंज छोड़ा। उन्होंने कहा कि राजनीति में मेरा आना सुनियोजित नहीं था। गलत के सामने हार न मानने के चलते राजनीति में आया। डिप्टी मेयर के चुनाव में कानूनी बाधांए डाली गईं जो अनुचित थीं। मैं सुप्रीम कोर्ट तक लड़ा। हमारी पार्टी में कोई वाद नहीं चलता। न परिवारवाद और न ही जातिवाद। इसीलिए हमें हमारी पार्टी पर गर्व है।

 

Leave a Reply