ईरान और इजरायल से 658 भारतीय स्वदेश लौटे

एनसीआर दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार राजधानी

नई दिल्ली, देव कुमार। ईरान से चार्टर्ड विमान से 292 भारतीय मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे। वहीं 366 लोग इजरायल से स्वदेश लौटे हैं। स्वदेश लौटे सभी यात्रियों का एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री मुरुगन ने स्वागत किया।
मध्य पूर्व में तनाव को देखते हुए भारत सरकार ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान और इजरायल में फंसे भारतीयों को वापस लाने में जुटी है। इन दोनों देशों से मंगलवार को 658 लोगों को भारत लाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, ईरान से 292 और इजरायल से 366 नागरिक स्वदेश लौटे। संघर्ष शुरू होने के बाद ईरान से अबतक 2,295 भारतीय वापस आ चुके हैं। भारत ने सुबह 8:20 बजे अम्मान से चार्टर्ड विमान से 161 भारतीयों को वापस लाया। 165 भारतीयों के एक और समूह को सी-17 सैन्य परिवहन विमान से अम्मान से नई दिल्ली वापस लाया गया। हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को देखते हुए हर भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा रही है। आंध्र भवन के आयुक्त अरजा श्रीकांत ने कहा कि अब तक युद्ध प्रभावित ईरान से 20 तेलुगु भाषी लोगों को सुरक्षित निकाला गया है और उनमें से 17 मंगलवार सुबह नई दिल्ली पहुंच गए हैं। इनमें से 10 आंध्र भवन पहुंचे, जबकि शेष सात अपनी आगे की यात्रा के लिए हवाई अड्डे पर ही रुके। कोलकाता के शौकिया पर्वतारोही और भूगोल के प्रोफेसर 40 वर्षीय फल्गुनी डे को ईरान के संघर्षग्रस्त इलाकों से निकलने में 11 दिनों का समय लगा। इस दौरान उन्हें युद्धग्रस्त देश से होकर 3,000 किलोमीटर की सड़क यात्रा करनी पड़ी, ताकि वे अपनी पत्नी और ढाई साल की बेटी के पास वापस लौट सकें। राहत, खुशी, मानसिक आघात और भारत सरकार के प्रति आभार के अनोखे मिश्रण से अभिभूत डे ने कहा कि उन्हें खुशी है कि ईरान में उनके बुरे सपने आखिरकार खत्म हो गए।

Leave a Reply