नई दिल्ली, राजेंद्र तिवारी। बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नवीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान में कहा, संसदीय बोर्ड ने नितिन नवीन की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट कर नितिन नवीन को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी नवीन को शुभकामनाएं दी हैं। नवीन के मौजूदा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का उत्तराधिकारी बनने की संभावना है। वर्ष 2026 में पश्चिम बंगाल और 2027 में यूपी विधानसभा चुनाव में उनकी अहम भूमिका हो सकती है। 45 वर्षीय नवीन इस पद पर आसीन होने वाले सबसे युवा नेताओं में से एक हैं। वे पांच बार के विधायक हैं और वर्तमान में बिहार में पथ निर्माण मंत्री और पटना के बांकीपुर से विधायक हैं। नवीन पहले भी कई बार मंत्री रहे हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की अधिक सीटें लाने में उनका खास योगदान रहा है। नितिन नवीन कायस्थ समुदाय से आते हैं और दिग्गज भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा के बेटे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को भारी अंतर से हराया था। पार्टी नेताओं ने कहा कि उन्हें शासन तथा जनता एवं संगठन के लिए काम करने का व्यापक अनुभव है। नवीन ने युवा मोर्चा के लिए भी व्यापक रूप से काम किया और राज्य प्रभारी के रूप में भी उन्हें अनुभव प्राप्त है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को जनवरी 2020 में भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और वे अपना पूरा कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। नड्डा को 2024 के लोकसभा चुनावों तक पार्टी का नेतृत्व करने के लिए कार्यकाल विस्तार दिया गया था। उनकी नियुक्ति की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नितिन नवीन ने मेहनती कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्टता साबित की है। वे युवा और कर्मठ नेता हैं, जिनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है। बिहार में कई बार विधायक एवं मंत्री के रूप में उनका रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। उन्होंने लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए लगन से काम किया है। वह विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि अपनी ऊर्जा और समर्पण से वह आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे।
