महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की शोध छात्रा निकिता भट्ट ने तीसरी बार वाणिज्य विषय से उत्तीर्ण की यूजीसी नेट परीक्षा

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राज्य समाचार

महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की शोध छात्रा निकिता भट्ट ने वाणिज्य विषय से तीसरी बार उत्तीर्ण की यूजीसी नेट परीक्षा

 

हल्द्वानी। इंदिरा प्रियदर्शिनी राजकीय स्नातकोत्तर महिला वाणिज्य महाविद्यालय, हल्द्वानी की शोध छात्रा निकिता भट्ट ने तीसरी बार यूजीसी नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर महाविद्यालय और विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। वर्तमान में निकिता महाविद्यालय में डॉ. रितुराज पंत के निर्देशन में शोध कार्य कर रही हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल द्वारा आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा में भी निकिता का चयन हुआ है, जिसके अंतर्गत उन्हें ₹5000 प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह उपलब्धि उनके सतत परिश्रम और अकादमिक समर्पण का प्रमाण है।

महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने निकिता भट्ट को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध वातावरण को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि छात्राओं की इस तरह की उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं और महाविद्यालय भविष्य में भी प्रतिभाशाली छात्राओं को हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।

वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश जोशी ने कहा कि निकिता भट्ट की सफलता विभाग के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि यह सिद्ध करती है कि नियमित मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से उच्च शैक्षणिक लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने निकिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शोध निर्देशक डॉ. रितुराज पंत ने बताया कि उनकी शोध छात्राओं द्वारा “सचनिदी” नाम से यूजीसी नेट के प्रथम प्रश्नपत्र की तैयारी भी करवाई गई थी, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। इन उत्साहजनक परिणामों को देखते हुए आगामी जून माह में आयोजित होने वाली यूजीसी नेट परीक्षा के लिए वाणिज्य विषय सहित प्रथम प्रश्नपत्र की तैयारी पुनः कराए जाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्राएं लाभान्वित हो सकें।

इस अवसर पर डॉ. फकीर सिंह, डॉ. रेखा जोशी, डॉ. दिनेश चंद्रा, डॉ. मंजरी चौधरी, डॉ. रुचि रजवार सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने निकिता भट्ट को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply