दि नैनीताल बैंक लिमिटेड द्वारा महिला महाविद्यालय को सीएसआर के अंतर्गत सहयोग 104वें स्थापना वर्ष पर बैंक ने निभाया सामाजिक उत्तरदायित्व
हल्द्वानी, 21 जुलाई।
दि नैनीताल बैंक लिमिटेड ने अपने 104वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत राजकीय महिला महाविद्यालय हल्द्वानी को ₹30,000 की धनराशि प्रदान की। यह सहयोग महाविद्यालय में आगामी 5वीं नैनीताल जिला योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप 2025-26 के आयोजन हेतु प्रदान किया गया है।
इस अवसर पर बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री राहुल प्रधान ने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा, प्रकृति के संरक्षण और समाज के उत्थान में नैनीताल बैंक सदैव अग्रणी रहा है। इस संस्थान में पौधा रोपकर हमें गर्व की अनुभूति हुई है। बैंक का उद्देश्य केवल आर्थिक सेवाएं देना नहीं, बल्कि सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों का निर्वहन भी है। हम चाहते हैं कि हमारा यह छोटा प्रयास भविष्य में एक बड़े सकारात्मक बदलाव का वाहक बने।
उन्होंने आगे बताया कि “दि नैनीताल बैंक लिमिटेड न केवल अपने ग्राहकों को सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है, बल्कि सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में भी सदैव अग्रणी भूमिका निभाता है। अपने स्थापना वर्ष को सार्थक बनाने के लिए बैंक द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में समाजोपयोगी गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। योगासन चैंपियनशिप आयोजन की जानकारी देते हुए नमामि गंगे के नोडल अधिकारी एवं महाविद्यालय के सीएसआर समन्वयक डॉ0 रितुराज पंत ने बताया कि यह दो दिवसीय प्रतियोगिता 26 एवं 27 जुलाई 2025 को आयोजित होगी।
इसका आयोजन योगासन भारत (युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संगठन) के निर्देशन में, उत्तराखंड योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन तथा महाविद्यालय की नमामि गंगे समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। उन्होंने नैनीताल बैंक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सहयोग छात्राओं के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो0 ए0के0 श्रीवास्तव ने बैंक के इस पुनीत कार्य हेतु हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने बताया कि दि नैनीताल बैंक पूर्व में भी महाविद्यालय की प्रतिभावान छात्रा नव्या पांडे को अंतरराष्ट्रीय जिउ-जित्सु प्रतियोगिता हेतु सहयोग प्रदान कर चुका है।
आज नव्या पांडे खेल कोटे के अंतर्गत वन विभाग में दरोगा के पद पर कार्यरत हैं, जो बैंक के सहयोग की प्रभावशीलता को दर्शाता है। इसके अतिरिक्त बैंक द्वारा महाविद्यालय को आरओ सिस्टम, वाटर कूलर, सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन, स्टील बेंच आदि भी प्रदान किए गए हैं, जो छात्राओं की सुविधा एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने की दिशा में सराहनीय योगदान हैं। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक संजय कुमार, प्रदेश अध्यक्ष योगा एसोसिएशन उत्तराखण्ड डॉ0 भास्कर ओली, रंजीत सिंह, ज्योति चुफाल , विजेता कपिल आदि उपस्थित रहे। प्राचार्य महोदय सहित महाविद्यालय परिवार ने दि नैनीताल बैंक लिमिटेड की इस सामाजिक प्रतिबद्धता की सराहना की और भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा जताई।
