उत्तराखंड में मानसून अक्तूबर तक चलने की है संभावना

उत्तराखंड लाइव गढ़वाल देहरादून नैनीताल राष्ट्रीय हरिद्वार

नैनीताल। वाई रावत

उत्तराखंड में पिछले साल की तरह इस बार भी मानसून लंबा खिंच सकता है। सामान्य तौर पर उत्तराखंड से मानसून 30 सितंबर तक विदा हो जाता है, लेकिन इस बार अक्तूबर के पहले हफ्ते तक चलने की संभावना है।
पिछले साल भी उत्तराखंड से मानसून छह अक्तूबर को विदा हुआ था। मौसम विभाग ने फिलहाल एक अक्तूबर तक बारिश की संभावना जताई है। मौसम निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि मानसून की लाइन बुधवार को फिरोजपुर, सिरसा, चुरु, अजमेर, माउंट आबू, दीसा, जूनागढ़ आदि से होकर गुजरी है। प्रदेश में 26 से 28 सितंबर तक कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। राजस्थान से एक सप्ताह या दस दिन बाद उत्तराखंड से मानसून विदा होता है। इसीलिए संभावना है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह तक मानसून विदा होगा। बुधवार को प्रदेशभर में झमाझम बारिश हुई। गुरुवार के लिए बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को भीमताल में 44.5, देहरादून में 36, यूकॉस्ट में 34, ऋषिकेश में 22, नैनीताल में 16 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि राज्य के पर्वतीय जनपदों के अनेक स्थानों में और मैदानी जनपदों के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। अगले 48 घंटों में तापमान चार से छह डिग्री घट सकता है। बुधवार को दून का तापमान सामान्य से चार डिग्र्री ज्यादा 33.7 डिग्री दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *