पटना, राजेंद्र तिवारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि बिहार में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने के लिए रोडमैप तैयार हो गया है। डबल इंजन की सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में कायाकल्प कर दिया है। भविष्य में बिहार टेक्नोलॉजी का हब बनेगा। सेमीकंडक्टर बनाने के लिए जाना जाएगा। एनडीए ने ठाना है कि बिहार का नौजवान बिहार में काम करेगा। बिहार में नाम करेगा। फारबिसगंज और भागलपुर के हवाई अड्डा मैदान में गुरुवार को प्रधानमंत्री ने चुनावी सभाओं को संबोधित किया। पीएम ने कहा, जंगलराज में कितने एक्सप्रेस वे बने जीरो, शून्य। कोसी नदी पर कितने पुल बने, शून्य। कितने सर्किट बने, शून्य। खेलकूद के लिए स्पोर्ट्स कांप्लेक्स नहीं बने। मेडिकल कॉलेज, आईआईटी, आईआईएम व लॉ यूनिवर्सिटी नहीं बने। सरकार चलाने के नाम पर उन्होंने सबको लूटा। एनडीए सरकार में नीतीश जी ने बहुत मेहनत से जंगलराज से बिहार को बाहर निकाला। आज बिहार का कोई कोना नहीं, जहां निर्माण कार्य नहीं हो रहा। कई पुल बन रहे हैं। एक्सप्रेसवे-हाईवे बन रहे हैं। बिजली की अच्छी व्यवस्था हो गई है। बिजली बिल काफी कम हुआ है। बिजली का कारखाना लग रहा है। यहां आने के लिए निवेशक आतुर हैं। अगर जंगलराज आ गया तो निवेशक उल्टे पांव भाग जाएंगे। एनडीए बिहार का गौरव दुनिया में पहुंचा रहा है। कांग्र्रेस-राजद वाले बिहार का अपमान कर रहे हैं। तुष्टिकरण के लिए आस्था का अपमान करते हैं। आपको अपने वोट से इनका परमानेंट इलाज करना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष ने घुसपैठियों को बढ़ावा दिया है। पिछले दरवाले से घुसपैठियों को नागरिक बनाने का काम कर रहे हैं। विपक्ष ने माओवाद को बढ़ावा दिया है। ये घुसपैठिये खेतों, दुकानों और उद्योग में काम करने लगते हैं। आपके बच्चों को हक नहीं मिलता है। इन घुसपैठियों को आपके वोट की ताकत ही निकाल सकता है। इसके लिए एनडीए की डबल इंजन सरकार बहुत जरूरी है। पीएम ने विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि एनडीए विकास की राजनीति करती है और राजद-कांग्रेस विनाश की राजनीति करती है। विपक्ष ने समाज को बांटने का काम किया। राजद ने जातीय दंगे कराए। कांग्रेस ने मजहबी दंगे कराए। जिस तरह सिखों के कत्लेआम का दाग कांग्रेस के माथे से नहीं हट सकता, उसी तरह भागलपुर दंगे का दाग भी कांग्रेस छुड़ा नहीं पाएगी। पीएम बोले, सुशासन में माताओं-बहनों को सम्मान मिला है। कांग्रेस-राजद वालों की सरकार थी तो जीविका दीदी बनाने की याद नहीं आई। लखपति दीदी का ख्याल नहीं आया। बहनों का बैंक खाता नहीं खुलवाया। डबल इंजन की सरकार यह सब कर रही है। आवास योजना का घर बहनों के नाम करवाया गया है। नीतीश जी की सरकार ने दस-दस हजार रुपया 1.40 करोड़ बहनों के खाते में रोजगार के लिए ट्रांसफर कर दिया है। कांग्रेस-राजद वाले होते तो ये पैसे नेताओं की तिजोरी में चले जाते।
