माइंड पावर विश्वविद्यालय डिफॉल्टर लिस्ट से हटा

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी, गौरव जोशी। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने अपनी गलती स्वीकारते हुए माइंड पावर यूनिवर्सिटी, नैनीताल का नाम हाल ही में जारी की गई डिफॉल्टर सूची से हटा लिया है। यह निर्णय विश्वविद्यालय द्वारा सभी आवश्यक दस्तावेज़ और जानकारी समय पर प्रस्तुत करने तथा दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के बाद लिया गया। पिछले माह यूजीसी ने देशभर के 54 निजी राज्य विश्वविद्यालयों को “डिफॉल्टर” की श्रेणी में रखा था, जिनमें माइंड पावर यूनिवर्सिटी का नाम भी शामिल था। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा था कि सभी आवश्यक जानकारी पहले ही आयोग को भेज दी गई थी।  विश्वविद्यालय के चांसलर ने बताया कि “यह निर्णय पारदर्शिता और सच्चाई की जीत है। हमने यूजीसी के सभी मानकों का पालन किया है और किसी भी प्रकार की त्रुटि हमारे पक्ष से नहीं थी। अब आयोग ने अपनी भूल स्वीकार कर हमारे विश्वविद्यालय को पूर्ण रूप से मान्यता दी है।” यूजीसी के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुष्टि की कि समीक्षा के बाद यह पाया गया कि विश्वविद्यालय ने सभी आवश्यक शर्तों को पूरा किया है, जिसके चलते उसका नाम डिफॉल्टर सूची से हटा दिया गया है। इस निर्णय के बाद छात्रों और अभिभावकों में खुशी की लहर है। अब माइंड पावर यूनिवर्सिटी पूर्व की भाँति अपनी शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों को सुचारु रूप से जारी रखेगी।

Leave a Reply