पटना, राजेंद्र तिवारी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि एनडीए की वजह से बिहार विकास की राह पर चल पड़ा है। 20 वर्षों में सड़कों का जाल बिछा है। गांव को सड़कों से जोड़ दिया गया है। महागठबंधन शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट देकर फिर से जंगलराज लाना चाहता है। श्री नड्डा गुरुवार को हसपुरा बड़ी फील्ड में एनडीए से भाजपा प्रत्याशी प्रो. रणविजय कुमार के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मेरा जन्म बिहार में ही हुआ है। 20 साल पटना में गुजारे हैं। अंधेरा और उजाला दोनों देखा है। आप लोग भी दोनों का किरदार देख लीजिए। इस बार के चुनाव में एक ओर विकास तो दूसरी ओर विनाश खड़ा है, फैसला आपलोगों को करना है।
कहा कि राजद मतलब रंगदारी, जंगलराज और दादागिरी। इसलिए तेजस्वी को अपने माता-पिता के इतिहास को पढ़ना चाहिए। इस चुनाव में महागठबंधन शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट देकर फिर से जंगलराज लाना चाह रहा है। सांसद शहाबुद्दीन एसपी-दरोगा को दोड़ा-दौड़ाकर पीटता था। बिहार में अपहरण उद्योग बन गया था। जंगलराज में ऐसी स्थिति हो गई थी कि पांच बजे के बाद लोग घरों से नहीं निकलते थे।
उन्होंने कहा कि बिहार में विकास की नई कहानी देखने को मिल रही है। रेल बजट को बिहार में 10 गुना बढ़ा दिया गया। 98 रेलवे स्टेशन बन रहे हैं। देश में 8 सौ करोड़ 70 लाख रुपए मुफ्त अनाज दिया जा रहा है। 25 करोड़ लोग गरीबी से निकल चुके हैं। डेयरी प्रोडक्ट से जीएसटी हटा दिया गया है, जिसका सीधा फायदा किसानों मिल रहा है। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी सभा को संबोधित किया।
