केवि के बच्चों ने निबंध, पेंटिंग और कविता में दिखाया हुनर : वर्मा

उत्तरप्रदेश लाइव राज्य समाचार वाराणसी

वाराणसी, राजेंद्र तिवारी। बनारस स्टेशन से चार नई वंदेभारत एक्सप्रेस को रवाना करने के दौरान आठ नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवि के छात्रों से संवाद करेंगे। इसके तहत मंगलवार को केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी समेत कई विद्यालयों में विकसित भारत पर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। केवि 39 जीटीसी के प्राचार्य डॉ. चंद्र भूषण प्रकाश वर्मा ने बताया कि विद्यालय में 300 छात्रों ने निबंध, पेंटिंग और कविता प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सात नवंबर को वाराणसी आएंगे। अगले दिन आठ नवंबर को बनारस स्टेशन से चार नई वंदेभारत एक्सप्रेस को रवाना करेंगे। इस दौरान वह काशी के छात्र छात्राओं से संवाद भी करेंगे। इसको देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से मंगलवार को विद्यालयों में ‘विकसित बनारस एवं आत्मनिर्भर भारत‘ विषय पर निबंध, पेंटिंग (चित्रकारी) और कविता प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने इन विधाओं में हुनर दिखाया। इनमें केंद्रीय विद्यालय 39 जीटीसी समेत विभिन्न विद्यालयों के करीब 1200 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि केन्द्रीय विद्यालय 39 जीटीसी में 300 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। वहीं केन्द्रीय विद्यालय, कंचनपुर, वाराणसी में 250 छात्र-छात्राओं तथा केन्द्रीय विद्यालय बीएलडब्ल्यू, में 200 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लिया। उधर, सेंट्रल हिन्दू गर्ल्स स्कूल, कमच्छा में 250 तथा सेंट्रल हिन्दू ब्वायज स्कूल, कमच्छा में 200 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

Leave a Reply