कोलकाता । मुर्शिदाबाद में अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर मस्जिद बनाने को भूमि पूजन होने के अगले ही दिन रविवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में विशाल भगवद गीता पाठ समारोह का आयोजन किया गया। वहीं केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने रविवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राज्य में धार्मिक आधार पर मत विभाजन कर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण बढ़ाने का आरोप लगाया है।
लगभग पांच लाख लोगों ने रविवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल भगवद गीता पाठ समारोह में भाग लिया। सनातन संस्कृति संसद नामक संस्था की ओर से इस सामूहिक गीता पाठ कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य आम लोगों तक सनातन धर्म की मूल भावना और गीता के सार्वभौमिक संदेशों को पहुंचाना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज ने की। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मभूषण साध्वी ऋतंभरा और बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शामिल हुए। वहीं केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने रविवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर राज्य में धार्मिक आधार पर मत विभाजन कर सांप्रदायिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। भाजपा की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस सरकार ने 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले कट्टरपंथी और सांप्रदायिक ताकतों को बढ़ावा दिया है। सामूहिक गीता पाठ के आयोजन के दौरान मजूमदार ने दावा किया कि 2021 के विधानसभा चुनाव में अधिकांश हिंदू मतदाताओं ने तृणमूल कांग्रेस का समर्थन नहीं किया था। उन्होंने दावा किया कि समुदाय के कुछ वर्ग ममता बनर्जी के नेतृत्व पर विश्वास नहीं करते। उन्होंने कहा कि कहा कि पश्चिम बंगाल में हिंदू समाज असुरक्षित महसूस करता है और एकजुट नहीं हो पाया है। उधर ,पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने रविवार को कहा कि राज्य धार्मिक अहंकार को खत्म करने के लिए तैयार है। उन्होंने ने मुर्शिदाबाद में एक दिन पहले मस्जिद की नींव रखे जाने की घटना की ओर इशारा किया। टीएमसी के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने शनिवार को मुर्शिदाबाद के रेजिनगर में अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक मस्जिद की आधारशिला रखी थी। बोस ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में गीता पाठ के दौरान कहा कि राज्य भ्रष्टाचार को भी खत्म करने के लिए तैयार है। वहीं मुर्शिदाबाद में शनिवार को बाबरी मस्जिद जैसे ढांचे का शिलान्यास करने वाले निलंबित टीएमसी विधायक हुमायूं कबीर फरवरी में कुरान पाठ के आयोजन की तैयारी कर रहे हैं। दावा है कि इस धार्मिक आयोजन में एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे। मीडिया से बात करते हुए कबीर ने कहा कि कुरान पाठ के बाद बाबरी मस्जिद का निर्माण कार्य शुरू होगा। ज्ञात हो कि शनिवार को मस्जिद के शिलान्यास के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
