तेल अवीव। इजरायली सेना ने बुधवार को दमिश्क में सेना मुख्यालय के प्रवेश द्वार और राष्ट्रपति भवन के पास हवाई हमले किए। जिससे वहां काफी नुकसान पहुंचा।
इजरायल ने सुवेदा में ड्रूज समुदाय पर हमले को लेकर दमिश्क को चेतावनी दी, कहा सरकारी रक्षा बल तुरंत इलाका छोड़ दें। यह हमला ऐसे समय हुआ जब सीरिया के दक्षिणी शहर सुवेदा में सेना और ड्रूज सशस्त्र समूहों के बीच संघर्ष विराम टूटने के बाद झड़पें जारी हैं। इजरायल का कहना है कि वह ड्रूज समुदाय की रक्षा के लिए ऐसा कर रहा है। इजरायली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने कहा कि हमारी सेना सीरिया के सरकारी बलों पर तब तक हमले करती रहेगी, जब तक वह सुवेदा क्षेत्र से वापस नहीं चले जाते। अगर वह इसे नहीं मानते तो हमलों का स्तर बढ़ाया जाएगा। यरुशलम। ड्रूज लड़ाकों और सीरियाई अंतरिम सरकार के बलों के बीच हिंसक झड़पों के बीच इजरायल के कब्जे वाले गोलान हाइट्स से दर्जनों ड्रूज नागरिक दक्षिणी सीरिया में दाखिल हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली सेना इन नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए ऑपरेशन चला रही है। इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने देश के ड्रूज समुदाय को संदेश देते हुए कहा कि वह सीरिया के सुवेदा में बढ़ती हिंसा के बीच संयम बरते और सीमा पार न करे। उन्होंने कहा कि इजरायली रक्षा बल जिसमें वायु सेना भी शामिल है, ड्रूज समुदाय की रक्षा और शासन समर्थित मिलिशिया को खत्म करने के लिए काम कर रही है। सीरियाई सरकार और ड्रूज अल्पसंख्यक नेताओं ने बुधवार को नए सिरे से युद्धविराम की घोषणा की। यह घोषणा इजरायल के ताजा हवाई हमलों के बाद की गई। उधर, सीरिया के ड्रूज नेता हजारी ने युद्धविराम को खारिज किया और कहा कि सुवेदा के पूरी तरह से मुक्त होने तक लड़ाई जारी रहनी चाहिए।
