तेल अवीव। ईरान ने सोमवार सुबह इजरायल के चार शहरों पर मिसाइलों की बौछार कर दी। इसमें करीब 11 लोगों की मौत हो गई 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए। ईरान के ताजा हमले ने इजरायल के शहरों में तबाही मचा दी। इसमें तेल अवीव, बेनी ब्राक, पेटाह टिकवा और हाइफा में कई घर और इमारतें क्षतिग्रस्त हो गए।
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने कहा कि हमले एक नई विधि के जरिये किए गए थे, जिसकी वजह से इजरायल को नुकसान ज्यादा हुआ। उनके मुताबिक, इस नई तकनीक के कारण इजरायल की बहुस्तरीय रक्षा प्रणालियों ने एकदूसरे को निशाना बनाया और हमारी बैलिस्टिक मिसाइलें अंदर गिरीं। बता दें, शुक्रवार से जारी संघर्ष के बाद से इजरायल में अब तक ईरानी हमलों से 24 लोग मारे गए हैं, जबकि 600 से ज्यादा घायल हैं। वहीं ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इजरायली हमलों में ईरान में 224 लोग मारे गए हैं, जिनमें से 90 फीसदी नागरिक थे और 1,400 से अधिक घायल हुए हैं। इजराइल की सेना (आईडीएफ) ने सोमवार को कहा कि उसने ईरान के सतह से सतह पर मार करने वाले एक तिहाई मिसाइल लांचरों में तबाह कर दिया है। आईडीएफ प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल एफी डेफ्रिन के अनुसार, शुक्रवार को ईरान के खिलाफ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 120 से अधिक मिसाइल लांचर को नष्ट करने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि रविवार रात को चले अभियान में लगभग 50 लड़ाकू जेट और विमानों ने मिसाइल भंडारण स्थलों, सतह से सतह पर मार करने वाले मिसाइल लांचरों की पहचान की और उन पर हमला किया। सेना ने कहा कि इजरायल की ओर तैनात 20 से अधिक सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों को भी नष्ट कर दिया गया है। इस दौरान एक इजरायली सैन्य अधिकारी ने नाम ने बताने की शर्त पर कहा कि ईरानी मिसाइल साइटों पर हमलों ने इजरायल पर दागी गई मिसाइलों की संख्या को आधे से कम करने में मदद की, जिससे बमबारी 50 मिसाइलों से कम हो गई। पेटाह टिकवा के अधिकारियों ने बताया कि ईरानी मिसाइलों ने एक आवासीय इमारत को निशाना बनाया, जिससे दीवारें जलकर खाक हो गईं, खिड़कियों के शीशे टूट गए और कई अपार्टमेंट को भारी नुकसान हुआ। वहीं इजरायल की आपातकालीन सेवा मैगन डेविड एडोम सेवा ने बताया कि मध्य इजरायल में चार जगहों पर मिसाइल हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई। मैगन डेविड एडोम ने बताया कि बचाए गए 84 अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 30 वर्षीय एक महिला की हालत गंभीर है। बचावकर्मी मिसाइल हमलों में तबाह हुए घरों के मलबे के नीचे फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। इजरायल ने सोमवार शाम को एक बार फिर तेहरान पर हवाई हमला किया। इजरायल के रक्षा मंत्री ने तेहरान के पास रहने वाले लोगों को जगह खाली करने और सरकारी टीवी पर हमले की चेतावनी दी थी। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में इजरायली सेना तेहरान के सरकारी टीवी पर बम गिराती है। वीडियो में एक महिला एंकर लाइव शो कर रही थी, तभी एक जोरदार धमाका सुनाई देता है। इसके बाद धुआं दिखाई देता है और न्यूजरूम की छत का एक हिस्सा गिर गया। वीडियो में लोगों की चीखें भी सुनाई देती है। बताया जा रहा है कि धमाका उस समय हुआ, जब समाचार एंकर लाइव प्रसारण के दौरान इजरायल की निंदा कर रही थी। इसके बाद उसे लाइव प्रसारण छोड़ते हुए देखा गया। इससे पहले, इजरायल की सेना (आईडीएफ) ने तेहरान के कुछ हिस्सों में रहने वाले लोगों को चेतावनी जारी की थी। इसमें कहा कि तेहरान के निवासी जल्द से इलाका खाली कर दें, क्योंकि तेहरान के डिस्ट्रिक्ट 3 में सैन्य ठिकानों पर हमला करने की तैयारी है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सोमवार कहा कि कहा है कि हम तेहरान में अपने लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में हैं। उन्होंने इजरायली सेना के दावे को दोहराते हुए कहा कि तेहरान के हवाई क्षेत्र पर सेना का नियंत्रण है। नेतन्याहू ने ये बयान रक्षा मंत्री इजरायल कैट्ज और चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर के साथ तेल नोफ एयरबेस का दौरा करते समय दिया। उन्होंने कहा, हम अपने दो उद्देश्यों को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। इसमें पहला परमाणु खतरा और दूसरा मिसाइल खतरे को खत्म करना है। इस दौरान, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को चेतावनी दी। जी-7 सम्मेलन में जाने से पहले ट्रंप ने कहा, ईरान यह युद्ध नहीं जीत रहा है। इससे पहले की बहुत देर हो जाए, ईरानी सरकार को बातचीत कर लेनी चाहिए।
