दुबई। ईरान ने इजरायल के लिए जासूसी करने के आरोप में बुधवार को तीन और कैदियों को फांसी दे दी। ईरान की सरकारी ‘इरना’ समाचार एजेंसी ने यह जानकारी दी। रिपोर्ट के मुताबिक, इन व्यक्तियों पर देश में हथियार लाने का आरोप था। इन कैदियों को ईरान के पश्चिम अजरबैजान प्रांत की उर्मिया जेल में फांसी दी गई। पश्चिम अजरबैजान देश का सबसे उत्तर-पश्चिमी प्रांत है। अब तक 16 जून से युद्ध के दौरान जासूसी के आरोप में छह लोगों की फांसी की सजा दी गई है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आशंका जताई कि और अधिक लोगों को फांसी दी जा सकती है, क्योंकि ईरान के धर्मगुरुओं ने जासूसी के मामले में लोगों को आत्मसमर्पण करने के लिए रविवार तक की समय सीमा जारी की थी। मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने आशंका जताई कि संघर्ष समाप्त होने के बाद कई और लोगों को फांसी पर लटकाया जा सकता है।
