महिला महाविद्यालय में मनोरोगियों के स्वास्थ्य पर मंथन

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राज्य समाचार

राजकीय महिला महाविद्यालय हल्द्वानी के एनएसएस प्रकोष्ठ द्वारा विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर किया गया अंतर्राष्ट्रीय जागरूकता प्रश्नोत्तरी का आयोजन

हल्द्वानी, गौरव जोशी। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति व्याप्त सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने और जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से, राजकीय महिला महाविद्यालय हल्द्वानी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक अंतरराष्ट्रीय प्रश्नोत्तरी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए प्रभारी एनएसएस एवं वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी, डॉ. रितुराज पंत ने बताया कि, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है।

आमतौर पर जनसामान्य यह सोचता है कि अगर किसी को मानसिक चिकित्सक को दिखाने की बात की जाए, तो कहीं वो पागलपन की ओर तो नहीं बढ़ रहा है। इसी भ्रांति को दूर करने के लिए यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है।इस भ्रम को दूर करने के लिए, वरिष्ठ मनोचिकित्सकों के निर्देशन में 25 प्रश्नों की एक विशेष श्रृंखला बनाई गई है, जिसका उपयोग प्रश्नोत्तरी के माध्यम से जागरूकता फैलाने के लिए किया गया। इस अनूठी पहल का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है और मानसिक समस्याओं के लिए विशेषज्ञ से परामर्श लेना सामान्य और आवश्यक है।
प्राचार्य प्रो. आभा शर्मा ने कहा मानसिक स्वास्थ्य एक ऐसा विषय है जिस पर समाज में खुलकर बात करने की आवश्यकता है। हमारा प्रयास है कि महाविद्यालय की छात्राएँ न केवल स्वयं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हों, बल्कि समाज में भी इस संबंध में जागरूकता फैलाएँ। यह अंतर्राष्ट्रीय प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमें खुशी है कि हमारी एनएसएस इकाई ने इस ज्वलंत मुद्दे पर संवेदनशीलता के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया।

यह अंतर्राष्ट्रीय प्रश्नोत्तरी जागरूकता कार्यक्रम मानसिक स्वास्थ्य को लेकर एक सकारात्मक और प्रगतिशील चर्चा को बढ़ावा देने में सफल रहेगा। कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 गीता पंत ने बताया कि भारत सरकार ने मानसिक स्वास्थ्य सहायता के लिए Tele MANAS नामक एक नि:शुल्क और 24×7 उपलब्ध हेल्पलाइन सेवा 14416 शुरू की है। ये सेवा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए प्रशिक्षित काउंसलरों से सहायता प्रदान करती है। इसमें जानकारी पूरी तरह से गोपनीय रहती है। ये पूर्णरूप से मुफ़्त सेवा होती है जिसका कोई शुल्क नहीं लिया जाता। जरूरत पड़ने पर वीडियो कॉल के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लिया जा सकता है।

Leave a Reply