हरियाणा में औद्योगिक शहर बसाए जाएंगे : मोदी

दिल्ली दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राज्य

नई दिल्ली। देव

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को किसानों के गढ़ सोनीपत में कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो किसानों की चिंता के साथ चिंतन करती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में हरियाणा में कई औद्योगिक शहर बसाए जाएंगे। जिनसे रोजगार के भरपूर अवसर उपलब्ध होंगे।
गोहाना में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनसंख्या बढ़ने के साथ खेत की जोत निरंतर कम हो रही है, ऐसी परिस्थिति में पर्याप्त आजीविका के लिए अन्य रोजगार आवश्यक हो जाता है। किसानों के सामने यह समस्या है। इसका निवारण भाजपा की सरकार निरंतर कर रही है। आपको जानकर हैरानी होगी कि आने वाले दिनों में हरियाणा में अनेक औद्योगिक शहर राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बनाए जाएंगे। जिनसे रोजगार के भरपूर अवसर उपलब्ध होंगे।
पांच अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आयोजित रैली में मोदी ने कहा कि मेक इन इंडिया ने विगत दिनों में बड़ी भूमिका निभाई है। हम मोबाइल फोन से लेकर लड़ाकू विमान और विमान वाहक पोत तक भारत में बना रहे हैं। बीते तीन साल में मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े सेक्टर में लाखों रोजगार के अवसर बने हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा पदकों की फैक्टरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां भारत में निवेश के लिए अपनी फैक्ट्रियां लगाने के लिए आतुर हैं। जब इतनी बड़ी कंपनियां भारत में आएंगी, तो इसका बहुत बड़ा फायदा हरियाणा को होगा, यहां के किसानों को होगा। आज हमारा यह हरियाणा गुरुग्राम, फरीदाबाद से लेकर सोनीपत, पानीपत तक दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों का सेंटर बन गया है। उन्होंने कहा विगत दस वर्ष में हुए विकास कार्यों की बदौलत हरियाणा खेती और उद्योग दोनों में देश की टॉप राज्यों में अपनी जगह बना रहा है। जब औद्योगीकरण बढ़ता है, इसका सबसे अधिक फायदा गरीब, किसान, दलित को होता है। बाबा साहेब आंबेडकर मानते थे कि दलितों के सशक्तीकरण में उद्योगों की बड़ी भूमिका होती है। चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दस वर्ष पहले के कांग्रेस शासन काल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान हरियाणा का विकास रुक गया था। तत्कालीन हुड्डा सरकार के समय किसानों की जमीन कौड़ियों के भाव ली गई। उस दौरान सरकारी व्यवस्था में दलालों का बोलबाला था। सरकारी नौकरियों में पर्ची और खर्ची का जमकर सिक्का चलता था। गरीब परिवार के लोगों के लिए सरकारी नौकरी एक सपना भर थीं लेकिन आज देखिये हरियाणा में सरकारी नौकरियां बिन पर्ची और बिन खर्ची के दी जा रही हैं। मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस को वोट देने का मतलब हरियाणा की स्थिरता और विकास को दांव पर लगाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *