बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर भड़का हिंदुस्तान

दिल्ली दिल्ली लाइव मुख्य समाचार

नई दिल्ली, नीलू सिंह। बांग्लादेश में हिंदू युवक की हत्या पर मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन और कोलकाता स्थित उप उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन किया। इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर में भी प्रदर्शन किए। इस दौरान बांग्लादेश के खिलाफ नारे लगाए गए। वहीं, कोलकाता में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया।
हिंदू युवक की नृशंस हत्या के विरोध में नई दिल्ली में हिंदू संगठनों ने चाणक्यपुरी स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन के पास विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल सहित अलग-अलग धार्मिक संगठनों के बैनर तले किया गया। इसमें साधु संत, जैन और बौद्ध धर्म के अनुयायी भी अपना रोष प्रकट करने पहुंचे थे। वे हाथों में बांग्लादेश के विरोध में नारे लिखे पोस्टर-बैनर लेकर आए थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बांग्लादेश को हिंदुओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी उठानी होगी। अगर वहां किसी हिंदू पर अत्याचार होता है तो वह चुप बैठने वाले नहीं है। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बल भी तैनात किए गए थे। एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन से पहले 15 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। प्रदर्शनकारियों को उच्चायोग से करीब 800 मीटर दूर रोक दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी पहली बैरिकेडिंग तोड़कर आगे आ गए। वहां पर उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद बांग्लादेश सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस की तस्वीर और बांग्लादेश का पुतला फूंका। नई दिल्ली में कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। विहिप के प्रांत अध्यक्ष कपिल खन्ना ने कहा कि यह घटना केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि मानवाधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता और सभ्य समाज की मूल मान्यताओं पर सीधा प्रहार है। इस जघन्य अपराध के विरोध में और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया गया है। कोलकाता में सैकड़ों समर्थकों ने मंगलवार दोपहर को यहां बांग्लादेश के उप उच्चायोग की ओर मार्च करने की कोशिश की और जब पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका तो उनकी पुलिस के साथ झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो बाद में झड़प में बदल गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन की अनुमति सीमित क्षेत्र तक ही थी, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने पर अड़े रहे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं। कुछ घायलों को अस्पताल भी ले जाया गया है। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने बांग्लादेश में हिंदू महिलाओं के कथित उत्पीड़न को लेकर मंगलवार को चिंता जताते हुए कहा कि ये खबरें बेहद परेशान करने वाली हैं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि बांग्लादेश से आ रही खबरें बहुत परेशान करने वाली हैं, जिनमें कहा गया है कि हिंदू महिलाएं सिंदूर लगाकर बाहर निकलने से डर रही हैं।

Leave a Reply