अंडर-19 वनडे विश्व कप भारत चैंपियन

स्पोर्ट्स

हरारे/नई दिल्ली। बिहार के समस्तीपुर से निकले लड़के वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार को ऐसा तूफान मचाया कि भारतीय अंडर-19 टीम छठी बार विश्व चैंपियन बन गई। युवा ब्रिगेड के जग जीतने के बाद अब बारी सीनियर टीम इंडिया की है, जो टी-20 विश्व कप में शनिवार को अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी।
अंडर-19 वनडे विश्व कप के खिताबी मुकाबले में भारतीय युवा टीम का सामना इंग्लैंड से हुआ। टूर्नामेंट में फाइनल तक अविजित रही इंग्लैंड ने सोचा नहीं होगा कि 14 साल के सूर्यवंशी इस कदर ‘बेरहम’ होंगे। महज 80 गेंद पर 175 रन की उनकी ऐतिहासिक पारी ने भारत को नौ विकेट पर 411 रन के अकल्पनीय स्कोर तक पहुंचा दिया। टूर्नामेंट के इतिहास में फाइनल में इससे पहले इन दोनों आंकड़ों तक कोई नहीं पहुंच सका है। जवाब में इंग्लैंड ने लक्ष्य तक पहुंचने की भरसक कोशिश की मगर 311 रन तक पूरी टीम दम तोड़ गई। 100 रन से मिली यह जीत भारतीय क्रिकेट का एक और सुनहरा पन्ना लिख गई।
‘वंडर बॉय’ सूर्यवंशी के कहर का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने मैच में 150 रन सिर्फ छक्कों (15) और चौकों (15) से बना दिए। महज 55 गेंदों में सूर्यवंशी ने शतक पूरा किया। भारत ने चार साल के बाद अंडर-19 विश्व कप ट्रॉफी पर फिर कब्जा किया है। इस जीत ने खेल प्रेमियों के चेहरे खिला दिए। मगर उनके लिए असली रोमांच शनिवार से शुरू होगा। सूर्यकुमार की सीनियर सेना मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में ताबड़तोड़ क्रिकेट खेलने उतरेगी। गत टी-20 विश्व कप चैंपियन भारत के सामने खिताब बचाने की चुनौती है। टूर्नामेंट में 20 टीम उतर रही हैं मगर फेवरेट भारत है जो पिछले विश्व कप से अब तक एक भी टी-20 सीरीज नहीं हारा है। फाइनल में 175 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी के लिए वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। साथ ही टूर्नामेंट में सर्वाधिक 439 रन बनाने और एक विकेट लेने पर उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया। अंडर-19 विश्व कप में ऐसी दोहरी उपलब्धि वाले सूर्यवंशी दुनिया के पहले खिलाड़ी बने।

Leave a Reply