यूएस नगर में पत्नी की हत्या करने का आरोपी पति गिरफ्तार

उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी, गौरव जोशी। गदरपुर के ग्राम धीमरखेड़ा में खाने के विवाद में पत्नी की चाकू से वार कर निर्मम हत्या करने के आरोपी पति को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार रात खाने को लेकर हुए विवाद में पति शादाब ने पत्नी मुर्सलीन पर चाकू से वार कर दिए। घायल मुर्सलीन को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया था। घटना की जानकारी पर मृतका के मायके वाले जिला अस्पताल पहुंचे और ससुराल पक्ष के खिलाफ हंगामा किया।
रविवार सुबह भाई इस्तकार पुत्र निसार हुसैन निवासी ग्राम मीरापुर मीरगंज थाना स्वार रामपुर ने थाना गदरपुर में तहरीर दी। बताया कि बहन का निकाह 12 वर्ष पूर्व सादाब पुत्र नवाब हुसैन निवासी धीमरखेड़ा से हुआ था। शादी के बाद से ही सुसराल वाले बहन को प्रताड़ित करते और पैसों की मांग करते थे। कई बार पंचायत की गई। आरोप लगाया कि शनिवार रात बहनोई ने चाकू से वार कर बहन की हत्या कर दी। पुलिस ने पति समेत बाकी ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि रविवार को शादाब को मोतियापुर तिराहे से 300 मीटर आगे काशीपुर रोड पर बने विश्राम गृह के पास से गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के दिन वह नशे में था और खाना मांगने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद में उसने पत्नी मुर्सलीन के पेट में चाकू से तीन-चार वार किए थे।

 

Leave a Reply