नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सत्तापक्ष ने हताशा में झूठी एफआईआर दर्ज कराई है। इसके साथ ही उन्होंने गृहमंत्री से माफी की मांग दोहराते हुए कहा कि देश डॉ. आंबेडकर का अपमान सहन नहीं करेगा। बा साहेब आंबेडकर के अपमान के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन की तरफ से विजय चौक से संसद भवन तक मार्च के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह को माफी मांगनी होगी। उन्होंने कहा कि वह विपक्ष से डर रहे हैं, क्योंकि हम इस मुद्दे को उठा रहे हैं। हमारा संविधान डॉ. आंबेडकर की देन है और देश अपमान नहीं सहेगा। दिल्ली पुलिस से संसद भवन परिसर में हुई धक्का-मुक्की के सिलसिले में राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि भाजपा के लोग लोकसभा में विपक्ष के नेता पर तमाम मामले दर्ज करा रहे हैं। भाजपा के लोग लगातार एफआईआर दर्ज करा रहे हैं। झूठ बोलते हैं। यह उनकी हताशा का स्तर दिखाता है। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि सरकार अदाणी के मुद्दे पर चर्चा से डरती है। सरकार किसी मुद्दे पर चर्चा नहीं कराना चाहती है। उन्होंने जो किया है, वह उनके मन में डॉ. आंबेडकर के प्रति असली भावना थी। उन्होंने कहा कि देश का संविधान डॉ आंबेडकर, जनता और आजादी की लड़ाई की देन है।
