बीमार एआरओ को ले जा रहे हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी, गौरव जोशी। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में 2200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित मुनस्यारी में चुनाव ड्यूटी के दौरान 34 वर्षीय सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें मुनस्यारी से एयरलिफ्ट कर हल्द्वानी भेजा गया, लेकिन मौसम खराब होने के कारण पिथौरागढ़ में हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग करनी पड़ी। एआरओ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गोरीपार उच्छेती विद्यालय के शिक्षक हरीश जोशी पंचायत चुनाव में मुनस्यारी विकासखंड के एआरओ जिम्मेदारी निभा रहे हैं। शुक्रवार दोपहर एक बजे विकासखंड कार्यालय में कार्य की दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह घर लौट आए, लेकिन एकाएक चक्कर खाकर गिर पड़े। परिजन तुरंत उन्हें सीएचसी मुनस्यारी लेकर पहुंचे। डॉ. नलिनी और डॉ. गौरव कुमार ने उनकी जांच की तो ब्लड प्रेशर बढ़ा मिला। ईसीजी जांच में हार्ट बीट भी अधिक मिली। उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। इधर सूचना पर जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से तत्काल हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कराई गई। मुनस्यारी से एयरलिफ्ट कर एआरओ को हल्द्वानी ले जाया जा रहा था, लेकिन देर शाम करीब छह बजे मौसम खराब होने के कारण पिथौरागढ़ में हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। मुनस्यारी में चुनाव ड्यूटी के दौरान एसडीएम के बाद एआरओ दूसरे अफसर हैं, जिन्हें तबीयत बिगड़ने पर एयरलिफ्ट किया गया है।

Leave a Reply