पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में कड़ाके की ठंड

उत्तरप्रदेश लाइव राष्ट्रीय लखनऊ

लखनऊ, राजेंद्र तिवारी। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक ठंड ने अपना तीखा तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। पहाड़ों पर लगातार बर्फबारी और मैदानी इलाकों में उत्तर से आ रही सर्द हवाओं के चलते तापमान तेजी से गिरा है। हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, बिहार और मध्यप्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कई राज्यों में स्कूल बंद या समय बदल दिया गया है। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है।
यूपी में लखनऊ समेत सभी जिलों में शीतलहर का कहर जारी है। सूर्य देव का दर्शन सिर्फ नाम का हो रहा है। हल्की धूप से ठंड से राहत तो नहीं मिलती लेकिन गलन बढ़ जा रही है। वहीं सर्दी को देखते हुए प्राथमिक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। उधर, हरियाणा और पंजाब में मंगलवार को कड़ाके की ठंड दर्ज की गई। हरियाणा का नारनौल सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हिसार में पारा 3.6 और भिवानी में 4.8 डिग्री तक गिर गया। पंजाब के बठिंडा और फरीदकोट में 4.5 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री रहा, जबकि दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम दर्ज हुआ। जम्मू-कश्मीर में ठंड का प्रकोप जारी है। गुलमर्ग में इस सर्दी की सबसे ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 8.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। श्रीनगर में माइनस 3.6, पहलगाम में माइनस 4.8 और कुपवाड़ा में माइनस 1.8 डिग्री दर्ज किया गया। कश्मीर इस समय ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर से गुजर रहा है। मौसम विभाग ने ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है।झारखंड में ठंड को देखते हुए राज्य के 14 जिलों में शीत दिवस घोषित किया गया है और छह जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी है। सरकार ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 8 जनवरी तक बंद कर दिया है। रांची का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री और लोहरदगा में 3.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर कई जगह 300 मीटर रह गई, जिससे हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
बिहार में भी ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने 24 जिलों में शीत दिवस और 13 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। राज्य में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक और गिरावट की संभावना है। गया में तापमान 5.5 डिग्री तक पहुंच गया। मध्यप्रदेश में भी कड़ाके की ठंड और कोहरे की दोहरी मार है। राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। भोपाल, इंदौर समेत कई शहरों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सोमवार को बर्फबारी हुई है। मंगलवार को भी लाहौल स्पीति और चंबा जिला की ऊंची चोटियों पर आज दोपहर से ताजा बर्फबारी शुरू हुई। अटल टनल के नॉर्थ और साउथ पोर्टल सहित रोहतांग दर्रा, कोकसर, शिंकुला पास और लाहौल घाटी में बर्फबारी जारी है। कुल्लू जिला प्रशासन ने बर्फबारी के बाद फिसलन बढ़ने से मनाली के सोलंग नाला से आगे वाहनों की आवाजाही रोक दी है। अब केवल फोर बाय फोर वाहनों को ही अटल टनल भेजा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को भी कुल्लू, लाहौल स्पीति, चंबा व किन्नौर जिला की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। वहीं मौसम विभाग ने मैदानी क्षेत्रों में अगले चार दिन सुबह 10 बजे तक घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply