कांवड़ियों के हवाले हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे

उत्तराखंड लाइव गढ़वाल देहरादून नैनीताल राज्य समाचार हरिद्वार

हल्द्वानी, गौरव जोशी। कांवड़ मेले में कांवड़ियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पूरी तरह से कांवड़ियों के हवाले है। भारी संख्या में यूपी के बुलंदशहर, अमरोहा, बिजनौर, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आए शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे हैं। वहीं, यूपी पुलिस ने चिड़ियापुर नहर पटरी को भारी वाहनों के लिए खोल दिया है। अब हरिद्वार से यूपी की ओर जाने वाला ट्रैफिक हाईवे से डायवर्ट कर नहर पटरी से निकाला जा रहा है, जिससे हाईवे पूरी तरह कांवड़ियों के लिए आरक्षित कर दिया गया है। हाईवे पर बाइक सवार डाक कांवड़ियों की भीड़ का सैलाब दिखाई दे रहा है। इसके साथ ही डीजे वाहनों के बीच कांवड़िए पूरे जोश और श्रद्धा के साथ शिवधुनों पर नाचते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए श्यामपुर पुलिस द्वारा हाईवे पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि कांवड़ रूट पर अतिरिक्त फोर्स तैनात किया गया है। हरिद्वार में सोमवार को हाईवे से लेकर शहर की सड़कों पर डाक कांवड़ की भागम-भाग रही। जिस कारण हरिद्वार-देहरादून और हरिद्वार-लक्सर हाईवे पूरी तरह जाम रहा। अब वापस लौट रहे कांवड़ियों के कारण हाईवे जाम हो गया। पंतद्वीप से लेकर चंडी चौक तक हाईवे कांवड़ वाहनों से पैक रहा। शहर के अंदर पैदल कांवड़ियों के कारण खड़खड़ी, भीमगोड़ा में जाम लगा रहा। दूसरी ओर हरिद्वार लक्सर हाईवे पूरी तरह पैक रहा। इस मार्ग से डाक कांवड़ियों के वाहनों को बैरागी कैंप में भेजा जा रहा है। जिस कारण जाम लग रहा है। पथरी के हिस्सों में सोमवार को जाम रहा। बीते रविवार की रात को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगाड़ से 50 मीटर आगे गंगोत्री की तरफ कांवड़ियों से भरा एक ट्रक सड़क पर पलटकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन में ड्राइवर सहित कुल 13 लोग सवार थे, जिनमें से पांच लोग घायल हुए। घायलों को देर रात जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया गया। इस दौरान गंगनानी से आगे नाग देवता मंदिर के पास एक कावड़ यात्री सड़क से नीचे गिर गया। जिसका अभी तक कोई पता नहीं लग पाया है। एसडीआरएफ और पुलिस मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि रविवार रात को करीब साढ़े सात बजे कांवड़ यात्रियों से भरा ट्रक सोनगाड़ से कुछ दूरी पर सड़क पर पलट गया, जिसमें दिल्ली निवासी 19 वर्षीय आशीष, 19 वर्षीय जतिन, 26 वर्षीय धीरज, 24 वर्षीय जग्गनाथ तथा 20 वर्षीय साहिल घायल हो गए। दूसरी ओर, दीपक भाऊ निवासी हिसार हरियाणा नाग देवता से नीचे गिर गया था। जिसकी खोजबीन को एसडीआरएफ, पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

 

Leave a Reply