उत्तराखंड को खेलभूमि बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: धामी

अल्मोड़ा उत्तराखंड लाइव ऊधम सिंह नगर गढ़वाल देहरादून नैनीताल राज्य समाचार हरिद्वार

देहरादून, गौरव जोशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार उत्तराखंड को खेलभूमि बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल एकेडमी खोलने, हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री सोमवार को विश्व ओलंपिक दिवस पर खेल विभाग की ओर से परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। मुख्यमंत्री धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन खेल भावना, एकता और शांति के मूल्यों को समर्पित है। ओलंपिक केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि समर्पण, साधना और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य हुए हैं। भारत अब खेलों में केवल भागीदार नहीं, बल्कि विजेता के रूप में उभर रहा है। 2023 के एशियाई खेलों में भारत ने 107 पदकों के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया। वहीं, खेल नीति के अंतर्गत राज्य में पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी, खेल भत्ता, उत्तराखंड खेल रत्न और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। राजकीय सेवाओं में खिलाड़ियों के लिए चार प्रतिशत खेल कोटा लागू किया गया है।

Leave a Reply