शिमला। हिमाचल में सोमवार देर रात बारिश और भूस्खलन ने फिर कहर बरपाया। जहां मंडी जिले में भूस्खलन से तीन लोगों की मौत हो गई वहीं दरंग जिले में एक युवक की जान चली गई।
हिमाचल प्रदेश में सोमवार देर रात को भारी बारिश से कई क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है। मंडी जिले के निहरी क्षेत्र में मंगलवार सुबह भूस्खलन से एक मकान ढह गया। इसकी चपेट में आने से परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वहीं, दरंग के सुमा नाले में दो चचेरे भाई बह गए। एक का शव बरामद कर दिया गया है, जबकि दूसरा अभी लापता है। सूचना के अनुसार, सुंदरनगर के निहरी की बोई पंचायत के ब्रगटा गांव में सुबह के वक्त पहाड़ी से लैंडस्लाइड हो गया। इसकी चपेट में खूबराम का मकान आ गया। मकान ढहने से पांच लोग मलबे में दब गए। मृतकों की पहचान तांगू देवी (64) पत्नी जयसिंह, कमला देवी (33) पत्नी देवराज और भीम (8 महीने) पुत्र देवराज की मौत हो गई। खूबराम और दर्शनू देवी को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। वहीं, मंडी के धर्मपुर में भी बीती रात भारी बारिश के बाद सोन खड्ड (नाले) में खूब तबाही मचाई। तेज बारिश के बाद नाले में बाढ़ से बस स्टैंड में खड़ीं कई सरकारी बसें पानी के तेज बहाव में बहीं। दुकानों में पानी और मलबा घुस गया। इससे 10 बसों और 15 से ज्यादा गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। थाना प्रभारी धर्मपुर विनोद ने बताया कि ट्रैवलर ड्राइवर और एक मेडिकल स्टोर संचालक अभी भी लापता हैं। उधर शिमला के हिमलैंड, बीसीएस और पांजली लैंडस्लाइड में 20 से ज्यादा गाड़ियां मलबे में दब गईं। हिमलैंड में लैंडस्लाइड के बाद शिमला की लाइफ लाइन कहे जाने वाला सर्कुलर रोड सुबह 6 घंटे तक बंद रहा।
