ट्रंप के करीबी ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति को 27 साल की सजा

अंतरराष्ट्रीय

ब्रासीलिया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीब ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को शुक्रवार को अदालत ने तख्तापलट के प्रयास का दोषी पाया। कोर्ट ने उन्हें 27 साल तीन महीने की सजा सुनाई।
बोल्सोनारो 2022 में चुनाव हराने के बाद भी पद पर बने रहे थे और तख्तापलट का प्रयास किया था। मामले की सुनवाई कर रहे पांच न्यायाधीशों में से चार ने दक्षिणपंथी नेता को पांच आरोपों में दोषी ठहराया। सजा सुनाए जाने के बाद बोल्सोनारो तख्तापलट की कोशिश में दोषी ठहराए जाने वाले ब्राजील के पहले पूर्व राष्ट्रपति बन गए हैं।
हालांकि, इस फैसले का यह मतलब नहीं है कि बोल्सोनारो को तुरंत जेल भेजा जाएगा। न्यायालय की समिति अब इस फैसले को सार्वजनिक करने के लिए अधिकतम 60 दिन का समय ले सकती है। इसके बाद बोल्सोनारो के वकीलों को स्पष्टीकरण हेतु याचिका दायर करने के लिए पांच दिन का समय मिलेगा। ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति के बड़े बेटे सीनेटर फ्लावियो बोल्सोनारो ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा कि यह सजा सर्वोच्च उत्पीड़न है और इतिहास साबित करेगा कि वे सही थे।
इस मुकदमे ने ब्राजीलियाई समाज को दो भागों में बांट दिया है। कुछ लोग पूर्व राष्ट्रपति के खिलाफ चल रही इस प्रक्रिया का समर्थन कर रहे हैं, तो कुछ अब भी उनका साथ दे रहे हैं। कई लोग सड़कों पर उतरकर इस दक्षिणपंथी नेता का समर्थन कर रहे हैं, जो यह दावा करते हैं कि उन्हें राजनीतिक प्रताड़ना का शिकार बनाया जा रहा है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बोले, फैसले से असंतुष्ट
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह इस फैसले से बहुत असंतुष्ट हैं। व्हाइट हाउस से रवाना होते समय पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने हमेशा बोल्सोनारो को बेहद उत्कृष्ट पाया। यह फैसला ब्राजील के लिए बहुत बुरा है। बोल्सानारो ने हमेशा आरोपों से इनकार किया है। वह अभी ब्रासीलिया में घर में नजरबंद हैं। वह फैसले के खिलाफ अपील कर सकते हैं।

Leave a Reply