फिलाडेल्फिया। पूर्व चैंपियन चेल्सी की टीम क्लब विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट दौर में पहुंच गई है। 32 टीमों के इस टूर्नामेंट में मंगलवार रात ग्रुप डी के अपने तीसरे मैच में उसने एस्पेरानेस की टीम को 3-0 से पराजित कर दिया।
दूसरे स्थान पर रहा : इस तरह चेल्सी तीन मैच में दो जीत और एक हार के साथ छह अंक लेकर ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। फ्लामेंगो ने सात अंक के साथ शीर्ष पर रहते हुए अगले दौर में जगह बनाई। उसने एक अन्य मुकाबले में लॉस एंजिल्स फुटबॉल क्लब को 1-0 से शिकस्त दी।
2021 की चैंपियन टीम चेल्सी को अगले दौर में पहुंचने के लिए सिर्फ ड्रॉ की जरूरत थी। कोच मारेस्का ने फ्लामेंगो के खिलाफ हारने वाली टीम में आठ बदलाव किए। संभवत: इसका ही फायदा हुआ कि दो बार फाइनल में पहुंच चुकी टीम ने शानदार जीत हासिल की। डेलेप ने खाता खोला : भीषण गर्मी में खेले गए मैच में दो गोल पहले हाफ में जबकि एक गोल दूसरे हाफ में हुआ। इस दौरान लिआम डेलेप ने पहले हाफ के इंजुरी टाइम (45+8) में टूर्नामेंट में अपना खाता खोला। उनके अलावा टोसिन एडारबिओयो (45+3) और टायरिक जॉर्ज (90+7) ने एक-एक गोल किया। करीब 33 हजार दर्शकों के सामने इस जीत से चेल्सी ने पिछले मैच में फ्लामेंगो से 1-3 की हार का गम भी कम कर दिया। चेल्सी की टीम अब उत्तरी कैरोलिना जाएगी जहां शनिवार को उसका सामना बेनफिका से होगा। दोनों की यह 12 साल के बाद पहली भिड़ंत होगी। इससे पहले 2013 में यूरोपा लीग के फाइनल में चेल्सी ने उसे हराया था।
