पुणे विमान दुर्घटना में डिप्टी सीएम अजित पवार समेत पांच की मौत

दिल्ली दिल्ली लाइव देश मुख्य समाचार राज्य

नई दिल्ली, नीलू सिंह। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की बुधवार सुबह लगभग 8:50 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में पवार के सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर की जान गई। अजित पवार छह बार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहे हैं। पवार पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव के लिए पुणे जिले में चार रैलियों को संबोधित करने जा रहे थे। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) की टीमें विमान दुर्घटना की जांच करने के लिए मौके पर पहुंच चुकी हैं। जांच एजेंसी की एक टीम दिल्ली में विमान की ऑपरेटर कंपनी वीएसआर वेंचर्स के दफ्तर भी पहुंची है। शोक जताया: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे समेत देश के विभिन्न दलों के कई अन्य नेताओं ने अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया। महाराष्ट्र सरकार ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार के सम्मान में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। यह शोक 28 जनवरी से 30 जनवरी तक मनाया जाएगा। इस दौरान सभी सरकारी इमारतों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। शोक की अवधि में कोई भी सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा। अजित पवार के निधन के कारण बुधवार को महाराष्ट्र के सभी सरकारी कार्यालय भी बंद रहेंगे।
उड़ानों की निगरानी करने वाली फ्लाइट रडार के अनुसार, दिल्ली स्थित वीएसआर वेंचर्स द्वारा संचालित लीयरजेट 46 विमान ने मुंबई से सुबह 8:10 बजे उड़ान भरी और सुबह लगभग 8:45 बजे इसका रडार से संपर्क टूट गया। केंद्रीय विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि पायलट ने बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश की थी, लेकिन रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह प्लेन को दोबारा ऊंचाई पर ले गया। हवाई पट्टी वाले इलाके में घना कोहरा था, जिससे दृश्यता काफी कम थी। पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद बारामती के रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इस दौरान विमान रनवे से पहले ही गिर गया और उसमें आग लग गई। जिसके बाद विमान धू-धू कर जल उठा। पायलट ने कोई इमरजेंसी सिग्नल नहीं दिया था। उसने ‘मेडे’ कॉल भी नहीं किया था। एसपी संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई। जिससे विमान में सवार सभी लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां सभी को मृत लाया घोषित कर दिया गया। 66 वर्षीय अजित पवार के परिवार में उनकी पत्नी सुनेत्रा और दो बेटे पार्थ और जय हैं। सुनेत्रा राज्यसभा सदस्य हैं।
अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने हाल में पुणे और पिंपरी चिंचवड में हुए निकाय चुनाव में अपने चाचा शरद पवार की एनसीपी (शरद पवार) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था। एनसीपी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार ने बारामती हवाई अड्डे और उस मेडिकल कॉलेज का दौरा किया जहां अजित पवार का शव दुर्घटनास्थल से लाया गया था।
हादसे की गवाह रही एक महिला ने बताया कि बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती के पास उतरते समय विमान हवा में थोड़ा अस्थिर प्रतीत हो रहा था और दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद इसमें विस्फोट हुआ था। घटना के प्रत्यक्षदर्शी रहे एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान में आग लग गई, जिसके बाद लगातार चार से पांच विस्फोट हुए। एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी प्रमोद मदुरीकर ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद शवों की पहचान करके उन्हें एंबुलेंस में भेज दिया गया, जबकि बचाव व आपात अभियान में मदद के लिए दमकल विभाग के कर्मी लगभग उसी समय घटनास्थल पर पहुंच गए। इस बीच वीएसआर वेंचर्स ने कहा है कि पायलट को 16 हजार घंटे का फ्लाइंग एक्सपीरियंस था। विमान की को-पायलट के पास 1500 घंटे का एक्सपीरियंस था। कंपनी ने दावा किया कि एयरक्राफ्ट में कोई तकनीकी खामी नहीं थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अजित पवार जननेता थे और उनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था। महाराष्ट्र की जनता की सेवा में वह हमेशा समर्पित रहे और एक परिश्रमी नेता के रूप में उनका व्यापक सम्मान था। प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ तथा गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने के प्रति उनका समर्पण भी उल्लेखनीय था। उनकी असामयिक मृत्यु से बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। उनके परिवार और उनके असंख्य समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति!

Leave a Reply