श्रीनगर। नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला कटरा स्थित वैष्णो देवी मंदिर में रात्रि विश्राम के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस से बुधवार को श्रीनगर लौट आए। पूर्व मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, बहुत अच्छे से दर्शन किए। मुझे उम्मीद है कि मंदिर में शांति, प्रगति और भाईचारे के लिए की गई हमारी सभी प्रार्थनाएं स्वीकार होंगी ताकि हम आगे बढ़ सकें। अब्दुल्ला ने वंदे भारत एक्सप्रेस में मंगलवार को पहली बार यात्रा की और कटरा पहुंचे। वह रात भर मंदिर के गर्भगृह में रुके और मंदिर में विशेष प्रार्थना में हिस्सा लिया।मंदिर में रात्रि विश्राम के बारे में पूछे जाने पर अब्दुल्ला ने कहा, मुझे बहुत खुशी हुई। मैं यहां ट्रेन से आया हूं और यह सेवा हमारे लिए एक नई शुरुआत है। यह ट्रेन जम्मू-कश्मीर के लिए वरदान है, जिससे व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। जम्मू-कश्मीर के मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि फारूक अब्दुल्ला दरबार तक पहुंचने के लिए दो से तीन किलोमीटर पैदल चले। उन्होंने वैश्विक स्तर पर भारत की प्रगति के लिए प्रार्थना की।
