Who will wear Bihar’s crown? The decision comes today

एग्जिट पोल: तो बिहार में फिर आएगी नीतीश की सरकार

आरा गया छपरा दानापुर पटना बक्सर बिहार लाइव भागलपुर भोजपुर मुख्य समाचार सासाराम

पटना, राजेंद्र तिवारी। बिहार में मतदान की प्रक्रिया पूरी हो गई है। 14 नवम्बर को मतगणना के साथ तस्वीर साफ होगी कि किसे बहुमत मिला और कौन सरकार बनाएगा। इस बीच मंगलवार को दूसरे चरण का मतदान खत्म होने के तुरंत बाद कई एजेंसियों ने एग्जिट पोल के आंकड़े जारी किए। इन तमाम एग्जिट पोल में बिहार में एनडीए को स्पष्ट बहुमत मिलता नजर आ रहा है। एक एजेंसी के एग्जिट पोल को छोड़ दें तो एनडीए को औसतन 135 से 150 सीटें मिलने का अनुमान है। इस तरह बिहार में एकबार फिर नीतीश सरकार के आसार हैं।
‘मैट्रिज’ के सर्वेक्षण के अनुसार, राजग 147 से 167 सीटों के साथ दो तिहाई बहुमत का आंकड़ा हासिल कर सकती है। महागठबंधन को 70 से 90 सीटें मिल सकती हैं। जन सुराज को शून्य से दो सीट ही मिलने के आसार हैं। ‘पीपुल्स पल्स’ के एग्जिट पोल में भी एनडीए के एक बार फिर से चुनाव जीतने की संभावना जताई गई है। इस सर्वेक्षण के अनुसार एनडीए को 133 से 159 सीटें मिल सकती हैं, जबकि महागठबंधन को 75 से 101 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है। इस सर्वेक्षण ने जनसुराज को शून्य से पांच सीट मिलने की संभावना जताई है।
‘चाणक्या स्ट्रेटजीज’ के एग्जिट पोल में कहा गया है कि राजग 130 से 138 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत की सरकार बना सकता है, जबकि महागठबंधन को 100 से 108 सीटों के साथ एक बार विपक्ष में बैठना पड़ सकता है। उसने अन्य को तीन से पांच सीट मिलने का अनुमान जताया है। ‘पोल स्ट्रेट’ के सर्वेक्षण में राजग को 133 से 148 सीटें हासिल होने की भविष्यवाणी की गयी है, जबकि महागठबंधन को 87 से 102 सीटें मिलने का अनुमान है। उसका कहना है कि अन्य को तीन से पांच सीटें मिल सकती हैं। ‘पोल डायरी’ के एग्जिट पोल में राजग को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान जताया गया है। उसका कहना है कि यह सत्तारूढ़ गठबंधन 184 से 209 सीटें हासिल करते हुए 2010 के विधानसभा चुनाव की तरह प्रदर्शन कर सकता है। इस सर्वेक्षण में कहा गया है कि विपक्षी महागठबंधन को 32 से 49 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है।
एग्जिट पोल आने के बाद भाजपा ने मंगलवार को विश्वास जताया कि बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगा। पार्टी नेताओं का कहना है कि राज्य में एनडीए के पक्ष में एकतरफा लहर रही। दो चरणों में संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव के बाद आए एग्जिट पोल में भी एनडीए की बड़ी जीत का अनुमान लगाया गया है। महागठबंधन को दूर दूसरे स्थान पर बताया गया है। वहीं, प्रशांत किशोर की नई पार्टी ‘जन सुराज’ के लिए निराशाजनक प्रदर्शन की भविष्यवाणी की गई है, जिसमें उसे 243 सदस्यीय विधानसभा में 0 से 5 सीटों तक मिलने का अनुमान है।
भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक्स पर लिखा, ‘इस चुनाव में बिहार के मतदाताओं ने अभूतपूर्व उत्साह दिखाया है। ऐतिहासिक मतदान प्रतिशत इसका प्रमाण है। यह बिहार की जनता के लोकतांत्रिक जागरूकता और विश्वास का परिचायक है।’ उन्होंने कहा कि मां, बहनों, युवाओं और समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी ने स्पष्ट कर दिया है कि बिहार एक बार फिर विकास, सुशासन, स्थिरता, शांति और समृद्धि के लिए एनडीए को चुनने जा रहा है। सभी मतदाताओं को धन्यवाद और बधाई। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शहनवाज़ हुसैन ने कहा, ‘भले ही कोई भी सर्वे कुछ कहे, भाजपा-एनडीए 160 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। राज्य में एकतरफा लहर थी।’ उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में महिलाओं ने एनडीए के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने कहा, हम पूरी तरह आश्वस्त हैं कि भाजपा-एनडीए भारी बहुमत से सरकार बनाएगा। हुसैन ने यह भी कहा कि भाजपा और एनडीए ने पूरे चुनाव में मेहनत की, जबकि राजद और कांग्रेस आपसी मतभेदों में उलझे रहे। जन सुराज पर टिप्पणी करते हुए भाजपा नेता ने कहा, वह पार्टी केवल सोशल मीडिया पर नजर आई, जमीन पर नहीं। अगर वह एक सीट भी जीत ले, तो वही बड़ी बात होगी।

Leave a Reply