देहरादून। अनीता रावत
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दीपावली तक मौसम में विशेष परिवर्तन नहीं है। लिहाजा मौसम साफ रहने की उम्मीद है। रविवार को हुई बारिश के बाद प्रदेश भर में तापमान में काफी गिरावट आई है। लेकिन अब फिलहाल मौसम साफ रहने से प्रदेशवासियों को राहत मिल सकती है। हालांकि रात के समय पाला पड़ने से सुबह व शाम के तापमान में अब काफी गिरावट आ गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 31 अक्तूबर तक मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। आसमान आमतौर पर साफ रहेगा और कुछ जगह छिटपुट बादलों की मौजूदगी बनी रह सकती है। सोमवार को दून में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से एक डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

अधिकतम व न्यूनतम तापमान में करीब 14 डिग्री तक का अंतर चल रहा है। वहीं टिहरी में न्यूनतम तापमान 11.4 अधिकतम 20, पंतनगर में न्यूनतम 20.8 अधिकतम 29.5, मुक्तेश्वर में न्यूनतम 13 अधिकतम 16.6, अल्मोड़ा में न्यूनतम 12.21 व अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस तक रहा। दून में दिन के समय धूप खिल रही है तो रात को जमकर पाला गिर रहा है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक अगले सात आठ दिन दून में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान 12 डिग्री तक जाने का अनुमान है। पाले की वजह से रात को ठंड का एहसास बढ़ता जा रहा है। रविवार को खराब हुए मौसम के साथ चल रही तेज हवाओं के कारण भी इसका असर सुबह शाम के मौसम पर नजर आया है। इसके कारण लोगों ने गर्म कपड़ों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। शहर के भीतरी इलाकों के मुकाबले बाहरी इलाकों में अधिक ठंड पड़ रही है।