रक्तदान से मानसिक संतोष की अनुभूति: पंकज भट्ट

उत्तराखंड लाइव नैनीताल राज्य समाचार

हल्द्वानी, गौरव जोशी। राजकीय महिला महाविद्यालय हल्द्वानी में नमामि गंगे समिति द्वारा हरेला पखवाड़े में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. रितुराज पंत, नोडल अधिकारी नमामि गंगे, द्वारा स्वयं रक्तदान करके प्रेरणादायक रूप से किया गया।

इस अवसर पर डॉ. पंत ने कहा, “हरेला केवल पौधरोपण का पर्व नहीं, यह हमारे जीवन, पर्यावरण और समाज के प्रति जिम्मेदारी का उत्सव है। रक्तदान और वृक्षारोपण—दोनों ही जीवनदायिनी कार्य हैं, जिन्हें जोड़कर हम पर्यावरण और मानवता दोनों की सेवा कर सकते हैं। एक पेड़ मां के नाम मुहिम यह अभियान छात्राओं को अपनी मां के नाम एक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करता है, जिससे पर्यावरणीय चेतना और पारिवारिक मूल्यों का सुंदर संगम हो सके। इस पहल के माध्यम से छात्राएँ यह संदेश देती हैं कि जैसे मां जीवन देती है, वैसे ही एक वृक्ष भी प्रकृति का वरदान है। डॉ0 पंत ने कहा कि आगामी कुछ दिवसों तक यह मुहिम जारी रहेगी और आम जनमानस से भी अपील की कि इसका मुहिम का हिस्सा बने साथ ही औरों को भी प्रेरित करें।

रक्तदाता मुखानी स्थित ब्लड सेंटर में आकर इस मुहिम का हिस्सा बन सकते हैं।रक्तदान के लाभ बताते हुए रक्तदान केंद्र के तकनीशियन पंकज भट्ट बताते हैं कि रक्तदान से न केवल किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है, बल्कि रक्तदाता के शरीर में नया रक्त बनने की प्रक्रिया तेज होती है, आयरन संतुलन से हृदय स्वास्थ्य बेहतर होता है, मानसिक संतोष की अनुभूति होती है तथा स्वास्थ्य परीक्षण का अवसर भी मिलता है। इस आयोजन में महाविद्यालय की छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर हल्द्वानी ऑनलाइन संस्था के अध्यक्ष दिनेश लोशाली, खिमेश पनेरू, तकनीशियन दीपक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply