महिला महाविद्यालय, हल्द्वानी की स्वयंसेविकाएँ राष्ट्रीय एकीकरण शिविर पश्चिम बंगाल में करेंगी प्रतिभाग
महिला महाविद्यालय, हल्द्वानी की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की दो चयनित स्वयंसेविकाएँ दिव्या बिष्ट एवं सुप्रिया बिष्ट दिनांक 10 मार्च से 16 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकीकरण शिविर (National Integration Camp) में प्रतिभाग करेंगी। यह शिविर निगोटिया यूनिवर्सिटी, साउथ 24 परगना (पश्चिम बंगाल) में आयोजित किया जा रहा है।
यह शिविर भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समन्वय, सामाजिक सौहार्द एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। शिविर में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, वाद-विवाद, भाषण, लोकगीत, नृत्य, नाटक, पोस्टर मेकिंग एवं अन्य रचनात्मक एवं बौद्धिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो० आभा शर्मा ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकीकरण शिविर जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यह सहभागिता छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करती है। चयनित स्वयंसेविकाएँ महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व पूरी निष्ठा एवं गरिमा के साथ करेंगी।
एनएसएस प्रभारी डॉ० रितुराज पंत ने बताया कि चयनित स्वयंसेविकाएँ निरंतर एनएसएस गतिविधियों में सक्रिय रही हैं और उनमें नेतृत्व, सहयोग एवं सेवा भावना के गुण विद्यमान हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों स्वयंसेविकाएँ शिविर में उत्तराखंड राज्य तथा महाविद्यालय की संस्कृति, लोक परंपराओं एवं सामाजिक मूल्यों को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत करेंगी।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ० गीता पंत ने जानकारी दी कि शिविर हेतु स्वयंसेविकाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश, मार्गदर्शन एवं पूर्व तैयारी कराई गई है। उन्होंने बताया कि यह शिविर छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर पर संवाद, अनुभव साझा करने एवं विविध संस्कृतियों को समझने का अवसर प्रदान करेगा, जो उनके शैक्षणिक एवं सामाजिक जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
इस अवसर पर डॉ0 फकीर सिंह डॉ0 हिमानी डॉ0 प्रभा साह आदि उपस्थित रहे।
